खोरीमहुआ। खोरीमहुआ अनुमंडल क्षेत्र में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ समीर रेनियर खलखो के नेतृत्व में धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत करगाली (करबला के समीप) में अवैध मोरम खनन एवं परिवहन के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान स्थल पर मोरम के अवैध खनन एवं परिवहन से संबंधित गतिविधियाँ पाए जाने पर कुल पाँच वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों में दो जे.सी.बी. मशीन, एक टाटा ट्रक (निबंधन संख्या- जेएच-12एल-8542) तथा दो होण्डा दोपहिया वाहन (निबंधन संख्या- जेएच-11एवी 0461 एवं जेएच 11क्यूं-3124) शामिल हैं।
जब्त किए गए सभी वाहनों को थाना प्रभारी, धनवार की अभिरक्षा में रखा गया है। इस संबंध में जिला खनन पदाधिकारी, गिरिडीह को पत्र प्रेषित कर जब्त वाहनों के विरुद्ध खनन से संबंधित सुसंगत अधिनियमों एवं नियमों के तहत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ समीर रेनियर खलखो ने कहा कि उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, गिरिडीह के निर्देशानुसार अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन से संबंधित गतिविधियों को प्रशासन द्वारा गंभीरता से लिया जा रहा है तथा ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संबंधित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों तथा संबंधित वाहनों के खनन अधिनियम के सुसंगत धाराओं के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अनुमंडल क्षेत्र में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध छापेमारी एवं कार्रवाई का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, खनिज संपदा का अवैध दोहन रोकना सुनिश्चित करना है।
