
रांची।लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में छठ को लेकर भक्तिमय माहौल है। व्रती सुबह स्नान कर घरों और पूजा स्थलों की साफ-सफाई करने के बाद शुद्धता और पवित्रता के साथ महापर्व के पहले दिन का अनुष्ठान कर रही हैं। घरों में पारंपरिक तरीके से कद्दू-भात, चने की दाल और अन्य सात्विक पकवान तैयार किए जा रहे हैं।
छठ महापर्व को लेकर रांची के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। सूप, दउरा, नारियल, गन्ना, फल और पूजा की अन्य सामग्रियों की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। घरों और गलियों में पारंपरिक छठ गीत गूंज रहे हैं। वहीं, विभिन्न छठ घाटों पर भी साफ-सफाई और सजावट का काम किया जा रहा है।
नहाय-खाय से शुरू हुआ चार दिवसीय अनुष्ठान
छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन व्रती स्नान कर घर और पूजा स्थल को स्वच्छ करते हैं। इसके बाद पूरी शुद्धता के साथ सात्विक भोजन तैयार किया जाता है। परंपरा के अनुसार, इस दिन कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का भात बनाया जाता है। सबसे पहले भगवान सूर्य और छठी मैया को भोग अर्पित किया जाता है। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करती हैं। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले कठिन छठ अनुष्ठान की शुरुआत होती है।
कल होगा खरना, शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार, 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे। शाम को स्नान के बाद भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद गुड़ की खीर, गेहूं की रोटी और अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार कर भोग लगाया जाएगा। व्रती प्रसाद ग्रहण करने के बाद परिवार और श्रद्धालुओं के बीच इसका वितरण करेंगे। खरना के साथ ही लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।

15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार, 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री सजायी जाएगी। शाम को व्रती परिवार के सदस्यों के साथ छठ घाटों पर पहुंचेंगे और जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे।
16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर की सुबह व्रती उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देंगे। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाला यह महापर्व संपन्न हो जाएगा। सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण कर अपना 36 घंटे का निर्जला व्रत समाप्त करेंगे। परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के साथ छठी मैया से आशीर्वाद मांगा जाएगा।
