आदिवासी एक्सप्रेस/श्रवण कुमार रवि
विश्रामपुर, पलामू। थाना क्षेत्र के कविलासी गांव में सोमवार देर शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान कविलासी निवासी असगर अंसारी के छोटे पुत्र इमाम अली की पत्नी नजबून खातून के रूप में हुई है। नजबून की शादी करीब चार माह पूर्व इमाम अली के साथ हुई थी। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पाकर मृतका के मायके वाले भी कविलासी पहुंचे। मायके पक्ष ने नजबून की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि नजबून की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के कारण मामला संदिग्ध बना हुआ है। सूचना मिलने पर विश्रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया। थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार दुबे ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शादी के चार माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
