Skip to main content

Birsa Times

अशोकधाम : मंदिर में तीसरी सोमवारी पर अफवाह से मची भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत, 22 धायल

अशोकधाम : मंदिर में तीसरी सोमवारी पर अफवाह से मची भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत, 22 धायल
  • प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार पर जलाभिषेक के दौरान बड़ा हादसा
  • मंदिर परिसर में बिजली का तार गिरने और बैरिकेडिंग टूटने के बाद मची भगदड़
    रंजीत विद्यार्थी
    मुंगेर : मुंगेर प्रमंडल अंतर्गत लखीसराय जिलें के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे श्रद्धालुओं पर बिजली का तार गिरने की अफवाह से अचानक भगदड़ मच गई. इस दर्दनाक हादसे में 07 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और 22 से अधिक लोग घायल हो गए. घायलों को इलाके के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, एक प्रत्यक्षदर्शी ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गई हैं. घायलों को तुरंत लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है.
    पुलिस ने बताया हादसे में जान गंवाने वाले चार मृतकों की पहचान हो गई है. पुलिस के अनुसार, चार मृतक महिलाओं की पहचान 55 वर्षीय हेमलता, ललिता देवी, निवासी हलसी, 50 वर्षीय रिंकू देवी निवासी मुंगेर और 44 वर्षीय मनमाला देवी निवासी बड़हिया के रूप में हुई है. तीन की पहचान अब तक नहीं हो पाई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि घटना के वक्त मंदिर परिसर में भारी भीड़ जमा थी. श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए कतार में लगे हुए थे. इसी दौरान बिजली का तार गिरने की अफवाह से लोग घबराकर भागने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई. कई महिलाएं भीड़ में दब गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बारे में जानकारी देते हुए लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सावन का तीसरा सोमवार होने के करण प्रशासन ने मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के इंतजाम किए थे. प्रशासन की टीम तड़के तड़के 3:30 बजे से ही घटनास्थल पर मौजूद थे और सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित थीं, लेकिन दो ट्रेनों के रुकने से भारी भीड़ मंदिर परिसर तक पहुंच गई थी और मंदिर में पहले से ही भीड़ मौजूद थी. इसी दौरान अप्रत्याशित भगदड़ मच गई.
    उन्होंने बताया कि सुबह 6:40-45 के करीब भीड़ बढ़ने से एक तरफ (खेत की तरफ) बैरिकेडिंग टूट गई, जिससे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए. उन्होंने बताया कि तुरंत 10-15 लोगों को एंबुलेंस की मदद सेअस्पताल भेजा गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अशोकधाम मंदिर भगदड़ की घटना पर दुख जताया था. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.’ उन्होंने प्रशासन को घायलों का त्वरित इलाज के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं. साथ ही भगदड़ में मृतकों के परिवार वालों के लिए सम्राट चौधरी ने मृत परिजनों के आश्रितो को 4-4 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है.
    मोकामा से अशोकधाम मंदिर पहुंचे एक प्रत्यक्षदर्शी विनोद कुमार ने प्रशासन की घोर लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर गंभीर सवाल उठाए हैं, जिसके परिणामस्वरूप उनकी पत्नी भीड़ में दब गईं और एक बेटी अभी-भी लापता है.
    उन्होंने बताया कि प्रवेश द्वार पर, जहां बांस की बैरिकेडिंग लगी थी. वहां लगभग 100 लोग बाहर से जबरदस्ती घुसने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने भीड़ को धकेला, जिससे कई लोग गिर गए और उन पर चढ़कर अंदर घुसने लगे. वहां कोई प्रशासन नहीं था, कोई देखभाल नहीं थी. उन्होंने ये भी बताया कि प्रवेश का स्थान ढलान वाला था और धक्का-मुक्की के कारण बांस टूट गए, जिससे लोग नीचे गिर गए.बताते चले कि लखीसराय के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर (इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर) की स्थापना 07 अप्रैल 1977 को हुई, जब स्थानीय युवक गिल्ली-डंडा खेलते हुए जमीन के अंदर विशाल काले पत्थर का शिवलिंग खोज निकाला था. उसी स्थान पर मंदिर बना और युवक के नाम पर इसे अशोकधाम कहा गया, जबकि 11 फरवरी 1993 को जगन्नाथपुरी के शंकराचार्य ने मंदिर परिसर के पुनर्निर्माण का उद्घाटन किया. इसकी सबसे बड़ी खासियत देश के सबसे विशाल काले पत्थर के शिवलिंगों में से एक होना है जो सावन मास और महाशिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है तथा बिहार का प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र है. घायलों की सूची
  1. गुंजन कुमारी 12 वर्ष (राजाराम शर्मा )
  2. तन्नु कुमारी 22 वर्ष (राजाराम शर्मा)
  3. कमली देवी 45 वर्ष (राजाराम शर्मा बालगुदर )
  4. मौसम कुमारी 21 वर्ष (ललन साव लक्ष्मीपुर बड़हिया)
  5. कुमकुम देवी 50 वर्ष (पति सुबोध राम नया टोला लखीसराय )
  6. मोनी कुमारी 16 वर्ष (मनीष मंडल)
  7. मोनी कुमारी 18 वर्ष (सोहन मंडल, धर्मरायचक वार्ड 6 लखीसराय)
  8. शिवानी कुमारी 15 वर्ष (राजेश राम खुटहा डीह, बड़हिया)
  9. विमला देवी 35 वर्ष (विनोद कुमार स्टेशन रोड मोकामा)
  10. सविता देवी 40 वर्ष (सुधीर सिंह बकमा पटना )
  11. रीना देवी 40 वर्ष
    (राजेश सिंह बभनगामा लखीसराय )
  12. मुस्कान कुमारी 18 वर्ष (ललन राम भोला टोला लखीसराय )
  13. रागिनी कुमारी 20 वर्ष (अशोक कुमार सिंह बकमा पटना )
  14. रेणु देवी 50 वर्ष (अवधेश सिंह बकमा पटना )
  15. टूटू कुमारी 15 वर्ष (शिवनंदन राम पचना रोड वार्ड संख्या 19 लखीसराय )
  16. संध्या कुमारी 16 वर्ष (सकलदेव राम वार्ड नंबर 19 लखीसराय )
  17. खुशी कुमारी 15 वर्ष (सकलदेव राम वार्ड नंबर 19 लखीसराय दोनों बहन )
  18. पिंकी कुमारी 16 वर्ष (पंकज साव नवाबगंज सूर्यगढ़ा )
  19. अमेरिका देवी 65 वर्ष (राजाराम चौधरी पुरवारी टोला फरदा मुंगेर )
  20. लूटो देवी 55 वर्ष
    (तेतर साव कोर्ट एरिया लखीसराय )
  21. रामपरी देवी 50 वर्ष (पप्पू यादव मुड़वरिया लखीसराय)
  22. ममता देवी 25 वर्ष
    (दारो यादव चननिया सूर्यगढ़ा)
administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *