अजय कुमार कुशवाहा, ब्यूरो | आदिवासी एक्सप्रेस
साहिबगंज। जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से ब्राउन शुगर के अलावा बुलेट हंटर मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
प्रमुख बिंदु
- 8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार
- बुलेट हंटर बाइक और मोबाइल फोन बरामद
- गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
- जांच के दौरान भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी
- एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:30 बजे नगर थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति बुलेट हंटर मोटरसाइकिल JH18Q-4217 से राजमहल की ओर से प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर लेकर साहिबगंज आ रहा है। सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और आजाद नगर पुलिस लाइन स्थित रोड विवाह भवन के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे गिरियाबाड़ी की ओर से आजाद नगर की तरफ तेज रफ्तार से आ रहे एक बुलेट हंटर सवार युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन छापेमारी दल ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद खैनी के डिब्बे में तीन छोटे एल्युमिनियम फॉयल में करीब 8 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार हरि (20 वर्ष), पिता कमल हरि, निवासी झरना कॉलोनी, संध्या कॉलेज के पास, जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र, साहिबगंज के रूप में हुई है।
इस मामले में जिरवाबाड़ी थाना कांड संख्या 157/26, दिनांक 16 अगस्त 2026 के तहत धारा 21(बी)/29 एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई का नेतृत्व नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता और जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह ने किया। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक अजीत लकड़ा, आफताब अंसारी, टिफिन रविदास, आरक्षी मंटू कुमार यादव, विनोद कुमार, कलीराम यादव और मुकेश झा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
