Skip to main content

Birsa Times

चिकन लॉलीपॉप देने में देरी होने पर दुकानदार की चाकू मारकर की थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

चिकन लॉलीपॉप देने में देरी होने पर दुकानदार की चाकू मारकर की थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रांची। राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट में दुकानदार की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अमित कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, लाली पॉप का ऑर्डर मिलने में देरी होने पर आरोपी ने दुकानदार अजय कुमार दास पर चाकू से हमला कर दिया था। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, एक मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।

ऑर्डर में देरी को लेकर हुआ विवाद

एसएसपी राकेश रंजन ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि 17 नवंबर को आरोपी अमित राय ने जेपी मार्केट स्थित ‘टेस्टी एंड सेंटर’ के पास एक दुकान में लाली पॉप का ऑर्डर दिया था। ऑर्डर मिलने में देरी होने पर आरोपी नाराज हो गया। इसी बात को लेकर दुकानदार अजय कुमार दास के साथ उसका विवाद हुआ।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में दुकानदार के गले पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि, गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी और आरोपी की तलाश में छापेमारी की।

विशेष पुलिस टीम ने आरोपी को किया गिरफ्तार

एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अमित कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 307/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *