शिकारीपाड़ा/दुमका | दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड में करोड़ों रुपये की सड़क निर्माण योजना में कथित अनियमितता और गुणवत्ता में लापरवाही का मामला सामने आया है। बरमसिया पीडब्ल्यूडी पथ से शहरघाटी पथ तक 8.130 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य के तहत बनाए जा रहे पुल-पुलियों की ढलाई से सरिया बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। शहरजोड़ी के समीप नवनिर्मित पुल और बिशनपुर के पास बनी पुलिया की स्थिति देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास 24 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया था। पथ निर्माण विभाग, झारखंड की ओर से कराए जा रहे इस कार्य के तहत कई जगहों पर पुल, पुलिया और गार्डवाल का निर्माण किया गया है, जबकि कई स्थानों पर काम अब भी जारी है।
पुल की ढलाई से 3-4 इंच बाहर निकला सरिया
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल शहरजोड़ी के समीप नवनिर्मित पुल को देखकर उठ रहे हैं। यहां पुल की ढलाई से करीब तीन से चार इंच लोहे का सरिया बाहर निकला हुआ स्पष्ट दिखाई दे रहा है। यही स्थिति बिशनपुर के पास बनी पुलिया की भी बताई जा रही है, जहां कंक्रीट की ढलाई से सरिया बाहर निकला हुआ नजर आ रहा है।
ढलाई से बाहर निकले सरिये को देखकर ग्रामीणों में पुल और पुलिया की मजबूती तथा टिकाऊपन को लेकर चिंता है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब निर्माण के शुरुआती दौर में ही ऐसी स्थिति दिखाई दे रही है, तो आने वाले समय में इन संरचनाओं की हालत क्या होगी? लोगों ने आशंका जताई है कि निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी होने पर भविष्य में पुल-पुलियों को नुकसान पहुंच सकता है।
पहले भी गार्डवाल निर्माण पर उठ चुके हैं सवाल
ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क योजना में निर्माण गुणवत्ता को लेकर शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। गार्डवाल निर्माण में खराब गुणवत्ता की शिकायत के बाद एक-दो बार काम को तुड़वाकर दोबारा कराया गया था। इसके बावजूद संवेदक की कार्यशैली में सुधार नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।
लगातार शिकायतों के बावजूद निर्माण कार्य में कथित लापरवाही सामने आने से ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये की सरकारी योजना में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
सरिया बाहर निकलने पर जेई ने कहा- मजबूती पर नहीं पड़ेगा असर
ढलाई से बाहर निकले सरिये के संबंध में कनीय अभियंता विजय कुमार से फोन पर बात की गई। उन्होंने कहा कि सरिया बाहर निकलने से निर्माण की मजबूती में कोई समस्या नहीं आएगी। हालांकि, मौके पर दिखाई दे रही स्थिति को लेकर ग्रामीण संतुष्ट नहीं हैं। लोगों का कहना है कि निर्माण की गुणवत्ता की तकनीकी जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
निर्माण स्थल पर गिराए जा रहे बालू के स्रोत पर भी सवाल
निर्माण स्थल पर जगह-जगह ट्रैक्टर के माध्यम से बालू गिराया जा रहा है। इसको लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रहा बालू कहां से लाया जा रहा है और क्या वह वैध स्रोत से प्राप्त है? बालू की वैधता को लेकर पूछे जाने पर जेई विजय कुमार ने बताया कि इसकी जानकारी संवेदक ही दे पाएगा।
ग्रामीणों ने सड़क योजना के तहत बनाए जा रहे पुल, पुलिया और गार्डवाल की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग को निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए।
