Skip to main content

Birsa Times

झारखंड में इबोला को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, मंत्री इरफान अंसारी ने दिए सख्त दिशा- निर्देश

झारखंड में इबोला को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, मंत्री इरफान अंसारी ने दिए सख्त दिशा- निर्देश

रांची।इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए झारखंड का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य के सभी स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर मेडिकल कॉलेजों, सदर अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को सतर्क रहने तथा आवश्यक तैयारियां दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने, पर्याप्त पीपीई किट (PPE Kit) की उपलब्धता सुनिश्चित करने, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती और सभी आवश्यक चिकित्सा संसाधनों को तैयार रखने पर जोर दिया। उन्होंने किसी भी संदिग्ध मरीज की पहचान होने पर तत्काल रिपोर्टिंग और सुरक्षित तरीके से उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अस्पतालों में निगरानी और स्क्रीनिंग व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी एवं स्क्रीनिंग व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि संक्रमण से संबंधित किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना मिलने पर तुरंत रिपोर्ट करें और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करें।

इसके साथ ही सभी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, जरूरी दवाइयां, सुरक्षा उपकरण और अन्य चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता की नियमित समीक्षा करने को कहा गया। स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक प्रशिक्षण देने और अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

12 नवंबर को भी हुई थी तैयारियों की समीक्षा

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य में इबोला से निपटने की तैयारियों को लेकर 12 नवंबर 2026 को भी मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री ने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध बीमारी या संक्रमण संबंधी सूचना मिलने पर अफवाहों से बचें और स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *