Skip to main content

Birsa Times

चतरा में NTPC प्रोजेक्ट में बड़ा हादसा, टेकअप ट्रॉली गिरने से 3 मजदूरों की मौत, कई जख्मी

चतरा में NTPC प्रोजेक्ट में बड़ा हादसा, टेकअप ट्रॉली गिरने से 3 मजदूरों की मौत, कई जख्मी

मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख मुआवजा देने पर बनी सहमति
-संवाददाता- अबुल कलाम
चतरा/टंडवा:
चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा परियोजना में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का भारी स्ट्रक्चर अचानक गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा परियोजना के सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर काम के दौरान हुआ। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक मजदूर टंडवा, जहानाबाद और हजारीबाग के रहने वाले थे।

शुरुआत में हादसे में पांच मजदूरों की मौत की सूचना सामने आई थी, लेकिन एनटीपीसी की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में तीन श्रमिकों की मौत की पुष्टि की गई। बताया जा रहा है कि कन्वेयर बेल्ट के काउंटर वेट के टूटने के बाद भारी ढांचा नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में काम कर रहे मजदूर आ गए। हादसे के पीछे तकनीकी खामी या स्ट्रक्चर के डिजाइन में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

हादसे में तीन मजदूरों की मौत, दो घायल

दुर्घटना में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान राजू सोनी निवासी टंडवा, बबलू सिंह निवासी जहानाबाद और बालेश्वर पासवान निवासी सिरसी, हजारीबाग के रूप में हुई है। वहीं, घायल मजदूरों में तिलक गंझू निवासी गोनंदा और रंजीत कुमार सिंह निवासी औरंगाबाद शामिल हैं। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

थिसेनक्रुप और सिम्प्लेक्स के अधीन चल रहा था निर्माण कार्य

एनटीपीसी की नॉर्थ कर्णपुरा परियोजना में कन्वेयर बेल्ट निर्माण की जिम्मेदारी मेसर्स थिसेनक्रुप को दी गई थी। इसके तहत मेसर्स सिम्प्लेक्स इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड के माध्यम से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। हादसे के शिकार मजदूर इन्हीं कंपनियों के अधीन कार्यरत बताए गए हैं। घटना के बाद एनटीपीसी प्रबंधन ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के बेहतर इलाज का भरोसा दिया।

मुआवजे को लेकर वार्ता, प्रत्येक परिवार को 50 लाख देने पर सहमति

हादसे के बाद मृत श्रमिकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने को लेकर एनटीपीसी प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। बैठक में सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल दास, झामुमो जिलाध्यक्ष निलेश ज्ञासेन, पूर्व विधायक किशुन कुमार दास, अंचल अधिकारी गौरव कुमार राय, प्रखंड विकास पदाधिकारी देवलाल उरांव और थाना प्रभारी बिपिन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

वार्ता के बाद एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मजदूर के आश्रित को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी। इसके अलावा दोनों घायल मजदूरों के समुचित इलाज का खर्च उठाने का भी भरोसा दिया गया। मुआवजे पर सहमति बनने के बाद पीड़ित परिवारों को राहत मिली है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, जांच की मांग

1980 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाली एनटीपीसी नॉर्थ कर्णपुरा परियोजना में हुए इस हादसे ने निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारी स्ट्रक्चर के गिरने और काउंटर वेट टूटने की घटना से निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन, तकनीकी निरीक्षण और निगरानी व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों ने हादसे की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने तथा जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। साथ ही निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत बताई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *