हिंसा के बाद इलाके में तनाव बरकरार, सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात; झड़प में करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी भी घायल
दुमका/शिकारीपाड़ा। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में प्रस्तावित कोल ब्लॉक को लेकर ग्राम सभा के दौरान हुई हिंसा के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शिकारीपाड़ा में बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया है। इस बीच, हिंसक झड़प के बाद से लापता चल रहे बोरिंग एजेंसी के बोलेरो चालक अखिलेश कुमार पाल को करीब 24 घंटे बाद घायल अवस्था में बरामद किया गया है।

24 घंटे बाद घायल हालत में मिला लापता चालक
हिंसा के बाद से लापता बोलेरो चालक अखिलेश कुमार पाल को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कल्याणपुर के समीप से बरामद किया। वह सिनर्जी जियोटेक कंपनी में चालक के रूप में कार्यरत हैं। शिकारीपाड़ा के अंचलाधिकारी कपिल देव ठाकुर ने बताया कि चालक की तलाश में लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा था।
बरामदगी के बाद चालक को शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुमका रेफर कर दिया गया।
जीएम को रातभर बनाया बंधक, पिटाई में लगे 20 टांके
इससे पहले हरियाणा पावर जेनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड से कोयला टेस्टिंग के लिए बोरिंग का टेंडर लेने वाली कंपनी सिनर्जी जियोटेक के महाप्रबंधक सागर सिंह मीणा पर भी हमला किया गया था। ग्रामीणों ने उन्हें रातभर गांव में बंधक बनाए रखा। बताया गया कि जान बचाने के लिए जीएम काफी देर तक अपने वाहन के अंदर बंद रहे, लेकिन उग्र भीड़ ने वाहन को क्षतिग्रस्त कर उनकी पिटाई कर दी।
घटना के करीब 12 घंटे बाद पुलिस-प्रशासन की टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल जीएम को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में करीब 20 टांके लगाए गए हैं।
पुलिस पर पथराव, पेड़ काटकर सड़क जाम
कल्याणपुर में कोयला टेस्टिंग के लिए बोरिंग कराने को लेकर आयोजित ग्राम सभा का ग्रामीण विरोध कर रहे थे। इसी दौरान स्थिति हिंसक हो गई। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर हरे पेड़ काटकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। पुलिस टीम पर पथराव किया गया और बोलेरो वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस झड़प में करीब एक दर्जन पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।
डीआईजी और प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद डीआईजी अंबर लकड़ा, प्रभारी उपायुक्त सह डीडीसी अनिकेत सचान और प्रभारी एसपी मुकेश कुमार ने स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों और कंपनी के जीएम का हाल जाना।
डीडीसी अनिकेत सचान ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सात पुलिसकर्मियों सहित सभी घायल खतरे से बाहर हैं। वहीं, प्रभारी एसपी मुकेश कुमार ने कहा कि कानून हाथ में लेने और हिंसा में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
