मोटरसाइकिल सवार दोनों आरोपियों के पास से अलग-अलग मात्रा में मिला नशीला पदार्थ, एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
अजय कुमार कुशवाहा ब्यूरो | आदिवासी एक्सप्रेस
साहिबगंज। जिले में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राधानगर थाना क्षेत्र के उधवा दियारा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से कुल 17.39 ग्राम एमडीएमए जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे थे। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गुप्त सूचना पर गठित की गई छापेमारी टीम
राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने मंगलवार को अपने कार्यालय में प्रेस ब्रीफिंग कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 24 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9:10 बजे पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि राधानगर थाना क्षेत्र के उधवा दियारा स्थित कमलेट पूर्वी इलाके के पास मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहे हैं।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उधवा के अंचलाधिकारी आशीष कुमार मंडल के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया और उनकी तलाशी ली।

दोनों आरोपियों के पास से मिला मादक पदार्थ
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमीर शेख (48 वर्ष), पिता स्वर्गीय हाजी गयासुद्दीन शेख, निवासी अमानत और करीम शेख (37 वर्ष), पिता स्वर्गीय अताउर शेख, निवासी अमानत मजीद टोला, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान अमीर शेख की जैकेट के बाएं पॉकेट से पारदर्शी प्लास्टिक में रखा करीब 12.38 ग्राम एमडीएमए जैसा पदार्थ बरामद किया गया। वहीं, करीम शेख की जींस पैंट के पीछे दाहिने पॉकेट से करीब 5.01 ग्राम पदार्थ मिला। दोनों के पास से कुल 17.39 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में राधानगर थाना कांड संख्या 407/26, दिनांक 24 नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 27 और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने अपराध स्वीकारोक्ति बयान में संलिप्तता स्वीकार की है। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल
छापेमारी दल का नेतृत्व उधवा के अंचलाधिकारी आशीष कुमार मंडल ने किया। टीम में राधानगर थाना प्रभारी रोहित कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संग्राम सिंह सोय, सुनील कुमार महतो, यशवंत यादव, हवलदार राज किशोर यादव और आरक्षी अनवर अंसारी शामिल थे।
