Skip to main content

Birsa Times

हिरणपुर के मिशन टोला में दिनदहाड़े बंद घर से जेवरात व नकदी चोरी, इलाके में दहशत

हिरणपुर के मिशन टोला में दिनदहाड़े बंद घर से जेवरात व नकदी चोरी, इलाके में दहशत

ड्यूटी पर गए थे दंपती, स्कूल से लौटी 10 वर्षीय बेटी ने देखा खुला दरवाजा; मिशन टोला में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो, पाकुड़ | सुस्मित तिवारी
हिरणपुर (पाकुड़)।
हिरणपुर थाना क्षेत्र के मिशन टोला में सोमवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान चोरी कर लिए। चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे के साथ अंदर के कमरों और स्टोर रूम के ताले भी तोड़ दिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। दिन के उजाले में हुई इस वारदात ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, कमलघाटी के डुंगरीटोला निवासी पुनम नम्रता मुर्मू अपने पति आलोक नायर टुडू के साथ सोमवार सुबह करीब नौ बजे घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर चली गई थीं। उनकी 10 वर्षीय बेटी भी स्कूल गई हुई थी। शाम करीब चार बजे जब बेटी स्कूल से लौटी तो पड़ोसियों ने उसे घर का मुख्य दरवाजा खुला होने और ताला टूटे होने की जानकारी दी। इसके बाद बेटी ने तत्काल फोन कर अपने परिजनों को घटना की सूचना दी।

घर के अंदर बिखरा मिला सामान, बक्से और लॉकर खंगाले

सूचना मिलने पर परिजन घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे के अलावा अंदर के कमरों और स्टोर रूम के ताले टूटे मिले। घर का सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने बक्से और लॉकर को भी खंगाल डाला था। घर की तलाशी लेने पर कई कीमती सामान गायब मिले।

सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद चोरी

पीड़िता की ओर से थाने में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, चोर सोने का कंगन, चेन और अंगूठी सहित चांदी की पायल, बिछिया, कड़ा और माला समेत अन्य आभूषण ले गए। इसके अलावा घर से करीब 20 हजार रुपये नकद, तीन से छह जोड़ी साड़ियां, नया स्वेटर, रजाई और कई घरेलू सामान भी गायब हैं।

पुलिस जांच में जुटी, गश्ती बढ़ाने की मांग

घटना की सूचना मिलते ही हिरणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।

इधर, दिनदहाड़े बंद घर में चोरी की घटना से मिशन टोला और आसपास के इलाकों के लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने, चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *