Skip to main content

Birsa Times

रांची में 45 हॉस्टल और कोचिंग संस्थानों पर नगर निगम की कार्रवाई, 24 घंटे में बंद करना होगा संचालन

रांची में 45 हॉस्टल और कोचिंग संस्थानों पर नगर निगम की कार्रवाई, 24 घंटे में बंद करना होगा संचालन

रांची। रांची में नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगम ने शहर के 45 हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों को अंतिम स्मार नोटिस जारी किया है। सभी संबंधित संस्थानों को नोटिस मिलने के 24 घंटे के भीतर संचालन बंद करने और जरूरी वैधानिक दस्तावेज नगर निगम के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

पहले 10 संस्थानों पर हो चुकी है कार्रवाई

नगर निगम ने इससे पहले भी 10 संस्थानों को अंतिम नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज जमा करने और नियमों का पालन करने का निर्देश दिया था। लेकिन निर्धारित समय में निर्देशों का अनुपालन नहीं किया गया। संस्थानों की ओर से दिए गए जवाब भी संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके बाद निगम ने इन संस्थानों का संचालन बंद करा दिया।

ट्रेड लाइसेंस और फायर NOC अनिवार्य

नगर निगम के अनुसार, हॉस्टल, लॉज और कोचिंग संस्थानों के संचालन के लिए कई जरूरी दस्तावेज अनिवार्य हैं। इनमें ट्रेड लाइसेंस, हॉस्टल पंजीकरण, वाणिज्यिक होल्डिंग, अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (Fire NOC) और स्वीकृत भवन प्लान शामिल हैं।

इसके अलावा संस्थानों को भवन उपयोग और सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का भी पालन करना होगा।

लालपुर और ईस्ट जेल रोड के संस्थान रडार पर

नगर निगम की कार्रवाई के दायरे में लालपुर के हरिओम टावर और ली डिजायर कॉम्प्लेक्स के कई कोचिंग संस्थान शामिल हैं। इनमें FITJEE, न्यूटन ट्यूटोरियल्स, मेंटर एडुसर्व, BRDS, GS Nexus, करियर पॉइंट, विनय IAS एकेडमी, पोद्दार कॉमर्स एकेडमी, KD लाइब्रेरी और विजन IAS सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।

वहीं, ईस्ट जेल रोड के सक्सेस मंत्रा, द लर्नर्स हब, सार्थक लाइब्रेरी, लक्ष्य लाइब्रेरी, उड़ान IAS एकेडमी, इनसाइट लाइब्रेरी, प्रेरणा इंस्टीट्यूट और एक्सेलेंसी IAS समेत कई संस्थानों को भी नोटिस दिया गया है।

इसके अलावा थड़पखना, सर्कुलर रोड और शहर के अन्य इलाकों में संचालित संस्थान भी कार्रवाई की जद में हैं।

24 घंटे में पालन नहीं किया तो होगी सीलिंग

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्देशों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों को सील किया जाएगा। साथ ही संबंधित संस्थानों के खिलाफ झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 और झारखंड भवन उपविधि, 2016 के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

निगम ने यह भी कहा है कि स्वीकृत भवन प्लान में निर्धारित उपयोग के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करना और भवन का अनधिकृत इस्तेमाल किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *