-थानाध्यक्ष पंकज पासवान को मिली थी गुप्त सूचना
-सीडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस ने की कार्रवाई, शहर में मचा हङकप
-आगे भी जारी रहेगा अभियान : एसपी
-रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर: मुंगेर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जमालपुर में स्मैक निर्माण और बिक्री के गुप्त अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 7 तस्करों को गिरफ्तार कर 8.92 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ, वजन मशीन, एल्युमिनियम फॉल और अन्य सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर पुलिस कप्तान सैयद इमरान मसूद ने मंगलवार को विस्तृत जानकारी दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 12.10.2026 को जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज पासवान को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र अंतर्गत खलासी मोहल्ला रेलवे क्वार्टर नंबर 220 में कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है। यह सूचना काफी विश्वसनीय थी, इसलिए इसे गंभीरता से लेते हुए वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया।
वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर मानक संचालन प्रक्रिया एसओपी के अनुरूप दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति हेतु अनुरोध किया गया। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु एसडीपीओ सदर मुगेर अभिषेक आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में थानाध्यक्ष जमालपुर एवं अन्य पदाधिकारी तथा थाना सशस्त्र बल को शामिल किया गया। साथ ही दंडाधिकारी के रूप में सुश्री श्वेता कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जमालपुर को भी विशेष टीम में शामिल किया गया।
गठित विशेष टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए खलासी मोहल्ला रेलवे क्वार्टर नंबर 220 पर छापेमारी की गई। टीम ने देखा कि वहां 7 व्यक्ति बैठकर सिल्वर फॉल बना रहे हैं, जिसका उपयोग स्मैक की पुड़िया बनाने में किया जाता है। पुलिस टीम को देखकर वहां मौजूद व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल के सहयोग से सभी को घेरकर पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्तियों से नाम-पता पूछने पर उन्होंने अपना नाम 1. कृष्णा साह, पिता स्वर्गीय अर्जुन प्रसाद साह, साकिन सदर बाजार खलासी मोहल्ला, 2. प्रीतम कुमार, पिता स्वर्गीय दीपक दास, साकिन सदर बाजार मीडिया विजन गली, 3. सागर कुमार, पिता स्वर्गीय छेदीलाल, साकिन सदर बाजार कॉलोनी, 4. सोनू कुमार उर्फ देवन कुमार, पिता कलेश्वर वर्मा, साकिन सदर बाजार फाड़ी, 5. गोविन्द कुमार, पिता स्वर्गीय अर्जुन प्रसाद साह, साकिन सदर बाजार मिलन गली वार्ड नंबर 22, 6. छोटू कुमार, पिता स्वर्गीय महेन्द्र दास, साकिन वार्ड नंबर 21 सदर बाजार फाड़ी, सभी थाना जमालपुर और 7. स्वास्तिक कुमार, पिता रामचन्द्र महतो, साकिन गौरीपुर, थाना सफियासराय, जिला मुंगेर बताया।
पुलिस को देखकर भागने का कारण पूछने पर इनके द्वारा कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दिया गया। तत्पश्चात एनडीपीएस एक्ट में निहित प्रावधानों के अनुरूप पकड़े गए व्यक्तियों की विधिवत तलाशी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह दंडाधिकारी जमालपुर के समक्ष ली गई।
तलाशी के क्रम में पकड़े गए 7 व्यक्तियों द्वारा बनाए जा रहे स्मैक जैसा दिखने वाला मादक पदार्थ 8.92 ग्राम, 19 पीस लाल रंग का लाइटर, 2 पीस इलेक्ट्रिक वजन मशीन, 2 पैकेट एल्युमिनियम फॉल, 1 पीस चाकू, 5 पीस मोबाइल आदि बरामद किया गया। जिसे विधिवत तलाशी सह जप्ती सूची बनाकर जप्त किया गया।
तदोपरांत बरामद जप्त पदार्थ को सीलबंद करते हुए पकड़े गए 7 व्यक्तियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। उक्त बरामदगी एवं गिरफ्तारी के संदर्भ में जमालपुर थाना कांड संख्या 152/26, दिनांक 12.10.2026, धारा 8(c)/21(b)/22(b)/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया है। कांड अनुसंधान अंतर्गत है। एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि अन्य तस्करों की संलिप्तता के बिंदु पर जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्य संकलन एवं मानवीय आसूचना के आधार पर मादक पदार्थ की बरामदगी हेतु सघन अभियान मुंगेर पुलिस द्वारा पूरे जिले में चलाया जा रहा है। बहरहाल, इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि मुंगेर पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ पूरी तरह सख्त है और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
जमालपुर के रेलवे क्वार्टर खलासी मुहल्ला में मादक पदार्थ का गुप्त अड्डा ध्वस्त, 7 तस्कर गिरफ्तार; 8.92 ग्राम स्मैक बरामद
