Skip to main content

Birsa Times

मुंगेर में योजना एवं विकास विभाग के भ्रष्ट कार्यपालक अभियंता पर इओयू का कसा शिकंजा, 64% अधिक संपत्ति का खुलासा; पङी रेड

मुंगेर में योजना एवं विकास विभाग के भ्रष्ट कार्यपालक अभियंता पर इओयू का कसा शिकंजा, 64% अधिक संपत्ति का खुलासा; पङी रेड

-मुंगेर के कार्यपालक अभियंता नारद दास के 5 ठिकानों पर इओयू का एक साथ छापा
-जमीन के डीड, बीमा बॉन्ड और गहने बरामद
मुंगेर से रंजीत विद्यार्थी की रिपोर्ट
मुंगेर ब्यूरो :
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक बार फिर बड़ा एक्शन लिया है। योजना एवं विकास विभाग में कार्यरत कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में चौतरफा कार्रवाई शुरू की गई है। गुरुवार तड़के EOU की टीम ने बिहार के चार जिलों में उनके पांच ठिकानों पर एक साथ धावा बोला है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5 बजे EOU की विशेष टीम दो वाहनों में सवार होकर भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र के हनुमान पथ स्थित उनके निजी आवास पर पहुंची। टीम ने घर के अंदर प्रवेश करते ही मुख्य द्वार को भीतर से बंद कर लिया और बाहर स्थानीय थाने की पुलिस को तैनात कर दिया। तलाशी अभियान में आधा दर्जन से अधिक डीएसपी और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान आवास से विभिन्न शहरों में खरीदे गए बेशकीमती भूखंडों की रजिस्ट्री के कागजात, कई बड़ी बीमा कंपनियों के भारी-भरकम बॉन्ड, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण मिलने की सूचना है। हालांकि जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने अभी अंतिम आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सभी ठिकानों पर तलाशी पूरी होने के बाद EOU मुख्यालय द्वारा जब्त संपत्ति का पूरा ब्योरा जारी किया जाएगा।

83 लाख की अवैध संपत्ति, आय से 64.93% अधिक
EOU से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ लंबे समय से अपने पद का दुरुपयोग कर अवैध कमाई करने की शिकायतें मिल रही थीं। गोपनीय जांच और सत्यापन के दौरान यह ठोस साक्ष्य मिला कि उन्होंने अपनी ज्ञात और वैध आय से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है। यह उनकी वैध आमदनी से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक है।
इस आधार पर EOU थाने में 7 अक्टूबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 28/26 दर्ज किया गया। केस दर्ज होते ही विशेष निगरानी अदालत से सर्च वारंट लिया गया और दूसरे ही दिन तड़के एक साथ छापेमारी शुरू कर दी गई।

चार जिलों के पांच ठिकानों पर एक साथ दबिश
जानकारी के मुताबिक, कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास मूल रूप से भागलपुर के रहने वाले हैं, लेकिन वर्तमान में वे मुंगेर में स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (LAEO) कार्य प्रमंडल में पदस्थापित हैं और उनके पास जिला परिषद के अभियंता का अतिरिक्त प्रभार भी है। EOU ने एक सुनियोजित रणनीति के तहत जिन पांच ठिकानों पर छापा मारा है, उनमें भागलपुर के तिलकामांझी स्थित हनुमान पथ का निजी आवास, मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बेलन बाजार (बंगाली टोला) स्थित किराये का मकान, मुंगेर स्थित LAEO कार्य प्रमंडल का सरकारी कार्यालय, मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना अंतर्गत नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 2F और पटना के रूपसपुर स्थित कुसुमपुरम मोहल्ले का आवास शामिल है।

सभी ठिकानों पर अंदर और बाहर से किसी भी व्यक्ति के आने-जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। बताया जा रहा है कि मुंगेर स्थित सरकारी दफ्तर में योजनाओं की टेंडर पत्रावलियों, एस्टीमेट और कमीशनखोरी से जुड़े दस्तावेजों को जब्त किया जा रहा है, वहीं आवासों पर लॉकरों, बैंक खातों और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल जारी है। \EOU के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अभी जारी है और तलाशी अभियान समाप्त होने के बाद ही कुल जब्त संपत्ति का आंकड़ा स्पष्ट हो पाएगा। इस कार्रवाई से योजना एवं विकास विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *