Skip to main content

Birsa Times

मुंगेर के टीकारामपुर में दिनदहाड़े गैंगवार जैसा मंजर, दो गुटों में जमकर चली गोलियां

मुंगेर के टीकारामपुर में दिनदहाड़े गैंगवार जैसा मंजर, दो गुटों में जमकर चली गोलियां

-सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो
-दोनों पक्षों का एफआईआर दर्ज, एक गिरफ्तार
रंजीत विधार्थी
मुंगेर :
मुंगेर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टीकारामपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच ऐसा खूनी संघर्ष हुआ कि इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। मंगलवार सुबह हुई इस वारदात ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार देवराज कुमार और मिथुन कुमार के गुट के बीच लंबे समय से वर्चस्व और पुरानी अदावत को लेकर तनाव चल रहा था। सोमवार की रात दोनों गुटों में मारपीट और फायरिंग की घटना हुई थी, लेकिन मंगलवार सुबह मामला और भड़क गया।

बताया जाता है कि सुबह दोनों पक्ष लाठी-डंडे और हथियारों के साथ आमने-सामने आ गए। पहले गाली-गलौज हुई, फिर देखते ही देखते दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर टीकारामपुर गांव में भगदड़ मच गई। लोग अपने घरों में दुबक गए। कई मिनट तक चली गोलीबारी के बाद दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार इस घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण खुलकर बोलने से भी डर रहे हैं।

मामले में मुफस्सिल थानाध्यक्ष मो. असलम अंसारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से थाना में आवेदन प्राप्त हुआ है। दोनों आवेदनों पर एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि वायरल हो रहे वीडियो की जांच की जा रही है। फायरिंग में किस हथियार का इस्तेमाल हुआ, कितने राउंड फायरिंग हुई और इसमें और कौन लोग शामिल हैं, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *