-बरियारपुर थाना के चौकीदार समेत दो महिला सिपाही गंभीर, सदर अस्पताल में भर्ती
रंजीत विद्यार्थी
मुंगेर : जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में फोरलेन पर मंगलवार शाम दर्दनाक डबल हादसा हो गया। रतनपुर के पास किचनिया पीपर के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिससे मृतक की पहचान नहीं हो सकी। घटना शाम करीब 7 बजे की है। हादसे की सूचना पर बरियारपुर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को घेरकर यातायात संभालने लगी। इसी दौरान दूसरा हादसा हो गया। शव की निगरानी कर रहे बरियारपुर थाना के चौकीदार और डायल 112 की दो महिला सिपाहियों को एक अन्य तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया। इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान महिला सिपाही चंचला कुमारी, डायल 112 की एक अन्य महिला जवान और चौकीदार चरित्र पासवान के रूप में हुई है। सभी को आनन-फानन में मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है। घायल चौकीदार चरित्र पासवान ने बताया कि वे लोग शव के पास खड़े होकर घेराबंदी कर रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार वाहन आया और उन्हें रौंद दिया। इधर पुलिस ने अज्ञात युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और शिनाख्त की कोशिश कर रही है। दोनों फरार वाहनों की तलाश में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
