साहेबगंज में चोरी की कोशिश: महिलाओं के शोर मचाने पर भागे चोर, मौके पर छोड़ गए प्लास
-अजय कुमार कुशवाहा ब्यूरो
साहेबगंज/बरहरवा: साहेबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र में चोरी की एक घटना सामने आई है। शिव चित्र मंदिर सिनेमा हॉल के पास स्थित एक घर के बाहर लगे एयर कंडीशनर (AC) का कॉपर वायर अज्ञात चोरों ने काट लिया। हालांकि, घर की महिलाओं के शोर मचाने पर चोर चोरी का सामान लेकर भागने में सफल नहीं हो सके। जल्दबाजी में वे अपना प्लास मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
सुबह चार बजे तार काट रहे थे चोर
इस संबंध में पीड़ित गृहस्वामी अभिनिश सत्यार्थी (पिता- डॉ. केशव प्रसाद) ने बरहरवा थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के मुताबिक, घटना 19 नवंबर 2026 की सुबह करीब चार बजे की है। अज्ञात चोर घर के बाहर लगे AC का कॉपर वायर काटकर चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पीड़ित की पत्नी को बाहर कुछ आहट सुनाई दी। उन्होंने इसकी जानकारी तुरंत अपनी सास को दी। इसके बाद दोनों महिलाओं ने शोर मचाते हुए चोर-चोर चिल्लाना शुरू कर दिया।
भागते समय मौके पर छोड़ गए प्लास
महिलाओं की आवाज सुनकर चोर घबरा गए और मौके से फरार हो गए। सुबह करीब छह बजे अभिनिश सत्यार्थी की नींद खुली तो उन्होंने घर के बाहर जाकर देखा। इस दौरान AC का कॉपर वायर कटा हुआ मिला। वहीं, भागने की जल्दबाजी में चोर अपना प्लास भी मौके पर छोड़ गए थे।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने बताया कि घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। साथ ही परिवार के बीच असुरक्षा और मानसिक तनाव का माहौल है। उन्होंने बरहरवा थाना प्रभारी से मामले की जांच कर अज्ञात चोरों की पहचान करने, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
