Skip to main content

Birsa Times

खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला से करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात ठग लिए

खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला से करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात ठग लिए

गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह में सोमवार को बाइक सवार चार अपराधियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला से करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात ठग लिए। अपराधियों ने इलाके में मारपीट की घटना होने का डर दिखाकर सुरक्षा के नाम पर महिला से उसके पहने हुए गहने उतरवा लिए। इसके बाद असली जेवरात वाली पुड़िया बदलकर कागज की दूसरी पुड़िया थमा दी और बाइक से फरार हो गए। पीड़िता सिहोडीह निवासी सीमा देवी ने पुलिस को बताया कि वह घर से पूजा का सामान खरीदने के लिए पास की दुकान जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार चार युवकों ने उनका पीछा किया। पहले उन्होंने आवाज देकर महिला को रोकने का प्रयास किया। बाद में एक अपराधी उनके पास पहुंचा और उन्हें अपने साथियों के पास ले गया। अपराधियों ने खुद को मुफस्सिल थाना से आया पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि इलाके में मारपीट की घटना हुई है। उन्होंने सोने के जेवर पहनकर घूमने को असुरक्षित बताया। पुलिसकर्मी समझकर महिला उनके झांसे में आ गईं और अपने गहने उतारकर उन्हें सौंप दिए। अपराधियों ने जेवरात को कागज में लपेटने का नाटक किया और महिला का ध्यान भटकाकर पुड़िया बदल दी। कुछ देर बाद पुड़िया खोलने पर महिला को उसमें जेवरात नहीं मिले। तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। सूचना पर मुफस्सिल पुलिस घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में अपराधियों की रेकी, घटना को अंजाम देने और भागने की गतिविधियां कैद होने की बात कही जा रही है। पुलिस उनकी पहचान और संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *