गिरिडीह। जमुआ थाना क्षेत्र के मांगोडीह गांव से एक 45 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। लापता महिला की पहचान गीता देवी के रूप में हुई है। पीड़िता के पति दामोदर रविदास ने जमुआ थाने में आवेदन देकर अपनी पत्नी की सुरक्षित बरामदगी के लिए न्याय की गुहार लगाई है। घटना 5 सितंबर 2026 की बताई जा रही है। दर्ज आवेदन के अनुसार, दामोदर रविदास रोज की तरह मजदूरी करने गए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी घर से कहीं निकल गईं। दोपहर को जब पति घर लौटे और पत्नी को न पाकर खोजबीन शुरू की, तो परिजनों से जानकारी मिली कि वह मेदनीटांड़ स्थित रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकली थीं। इसके बाद जब पीड़ित पति मेदनीटांड़ पहुंचे, तो वहां पता चला कि गीता देवी अपने मायके (ग्राम-पाण्डेडीह, थाना-हिरोडीह) जाने की बात कहकर वहां से भी निकल चुकी थीं। परिजनों ने ससुराल और मायके सहित अपने सभी संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका। थक-हारकर परिजनों ने अंततः पुलिस की शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुआ थाने में कांड संख्या 258/26 दर्ज कर लिया गया है। जमुआ पुलिस केस दर्ज कर लापता महिला की तलाश और मामले की छानबीन में जुट गई है। वही 10 दिनों से लापता महिला का कोई सुराग नहीं मिलना परिजनों में चिंता का विषय है।
मांगोडीह से 45 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, तलाश में जुटे परिजन
- September 15, 2026
0
3
Less than a minute
You can share this post!
administrator
