Skip to main content

Birsa Times

रांची में इंसानियत शर्मसार: रेलवे स्टेशन के पास लावारिस हालत में मिला नवजात, अस्पताल में भर्ती

रांची में इंसानियत शर्मसार: रेलवे स्टेशन के पास लावारिस हालत में मिला नवजात, अस्पताल में भर्ती

रांची: राजधानी रांची में रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी के पास गुरुवार सुबह कपड़े में लिपटा एक नवजात शिशु मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर उसने कपड़े में लिपटे नवजात को देखा और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया।

मॉर्निंग वॉक के दौरान युवक ने सुनी बच्चे के रोने की आवाज

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह एक युवक मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। इसी दौरान रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में उसे बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर युवक जब मौके पर पहुंचा तो वहां कपड़े में लिपटा एक नवजात शिशु मिला।

युवक ने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

आवारा कुत्तों के बीच मिला था नवजात

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस जगह नवजात को छोड़ा गया था, वहां अक्सर आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं। ऐसे में समय रहते बच्चे के मिल जाने से उसकी जान बच सकी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में बच्चे का इलाज चल रहा है।

CWC की सूचना पर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने बताया कि बाल कल्याण समिति (CWC) की ओर से थाने को नवजात के बरामद होने की सूचना दी गई है। बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी के पास कौन छोड़कर गया। इसके लिए आसपास के इलाकों और कॉलोनी के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस आसपास के अस्पतालों और नर्सिंग होम से भी हाल के दिनों में हुए प्रसव की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले से जुड़े सुराग तलाशे जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और CCTV फुटेज समेत अन्य माध्यमों से नवजात को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *