बोधगया के विकासपुरी कॉलोनी स्थित आवास पर सुबह 6 बजे पहुंची थी टीम, शाम 4 बजे तक चली कार्रवाई; पूछताछ के लिए आरोपी को पटना ले गई EOU
-अमरेंद्र कुमार
गयाजी। बोधगया में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन कारोबारी रोशन राज उर्फ रोशन सिंह को गिरफ्तार किया है। EOU की टीम ने वास्तु विहार फेज-1 स्थित विकासपुरी कॉलोनी में उसके आवास पर सुबह करीब 6 बजे छापेमारी शुरू की, जो शाम 4 बजे तक चली। इस दौरान टीम ने जमीन के केवाला, खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज और एग्रीमेंट पेपर बरामद किए। गिरफ्तारी के बाद टीम रोशन राज को पूछताछ के लिए पटना ले गई।
छापेमारी डीएसपी सुरेश प्रसाद के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक शिवकुमार महतो, एसटीएफ और बोधगया थाने की पुलिस भी शामिल रही। अधिकारियों के अनुसार, आर्थिक अपराध इकाई को सूचना मिली थी कि कथित आपराधिक गतिविधियों के जरिए संपत्ति अर्जित कर जमीन की खरीद-बिक्री की गई है। इसी सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
EOU की टीम ने छापेमारी के दौरान बरामद जमीन के केवाला, एग्रीमेंट और अन्य कागजात अपने कब्जे में लिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इन दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका भी जताई गई है। जांच के दौरान जमीन के कारोबार और संपत्ति अर्जित करने के स्रोतों की पड़ताल की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि रोशन राज के खिलाफ मामला दर्ज है और इसी सिलसिले में उसे गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ के लिए पटना ले जाया गया है। पूछताछ और बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।
बताया जाता है कि रोशन राज मूल रूप से बोधगया थाना क्षेत्र के घटाडीह गांव का निवासी है। वह पिछले कई वर्षों से इलाके में जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़ा हुआ है। EOU की इस कार्रवाई के बाद जमीन कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और संपत्ति के स्रोतों को लेकर भी जांच का दायरा बढ़ने की संभावना है। फिलहाल आर्थिक अपराध इकाई बरामद दस्तावेजों की जांच और आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
