खावा गांव में महिला और उसके ससुर की हुई थी हत्या, पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बड़ी टांगी समेत चार सामान किए बरामद
गिरिडीह। जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के खावा गांव में एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड के आरोपी बासुदेव मंडल (38) को जामताड़ा जिले के करमाटांड़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी खावा गांव का ही रहने वाला है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी बड़ी टांगी समेत चार सामान बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 24 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 नवंबर की सुबह करीब 4:35 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि खावा गांव में एक महिला और एक पुरुष की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर घर के बाहर दोनों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान शीला देवी, पति जितेंद्र मंडल और उनके ससुर सुकर मंडल के रूप में हुई।
छापेमारी टीम ने जामताड़ा से आरोपी को दबोचा
प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस ने गांव के ही बासुदेव मंडल की संलिप्तता सामने आने की बात कही। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-द्वितीय) रूपेंद्र कुमार राणा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस ने आरोपी को जामताड़ा जिले के करमाटांड़ से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
हत्या में प्रयुक्त खून लगी टांगी समेत चार सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के समीप से वारदात में इस्तेमाल की गई खून लगी बड़ी टांगी बरामद की। इसके अलावा एक छोटी टांगी, एक छेनी और एक जोड़ा चप्पल भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार सहित अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
छापेमारी टीम में ये पुलिस पदाधिकारी थे शामिल
हत्याकांड के खुलासे के लिए गठित टीम में डीएसपी (मुख्यालय-द्वितीय) रूपेंद्र कुमार राणा, पचंबा अंचल के पुलिस निरीक्षक रामेश्वर भगत, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, पचंबा थाना के एसआई सोनू कुमार वर्मा, प्रभात कुमार और रंजीत पिंगुवा शामिल थे। इसके अलावा गिरिडीह तकनीकी शाखा और पचंबा थाना रिजर्व गार्ड ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
