बिलासपुर: साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में 18 सितंबर 2026 को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान 2026 का शुभारंभ स्वच्छता शपथ के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य प्रशासनिक भवन स्थित आगंतुक कक्ष में हुआ।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी) संचालन रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी) योजना/परियोजना (अति. प्र.) नृपेंद्र नाथ सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी और श्रम संघ प्रतिनिधि मौजूद रहे।
हर सप्ताह 2 घंटे श्रमदान की शपथ
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता के प्रति सजग रहने की शपथ ली। सभी ने हर वर्ष 100 घंटे यानी प्रत्येक सप्ताह 2 घंटे श्रमदान करने, अपने आसपास और कार्यस्थल को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन पर रहेगा जोर
भारत सरकार के निर्देशानुसार एसईसीएल की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान 2026 के तहत विभिन्न कार्यक्रम और जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के दौरान साफ-सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छ कार्यस्थल को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहेगा।
एसईसीएल परिवार ने स्वच्छता के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने और इसे दैनिक जीवन के साथ-साथ कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की प्रतिबद्धता जताई।
