Skip to main content

Birsa Times

रांची के BAU कैंपस में बड़ी चोरी, 320 ग्राम सोना, 450 ग्राम चांदी और लाइसेंसी राइफल ले उड़े चोर

रांची के BAU कैंपस में बड़ी चोरी, 320 ग्राम सोना, 450 ग्राम चांदी और लाइसेंसी राइफल ले उड़े चोर

रांची। राजधानी रांची में चोरों ने बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) परिसर स्थित एक बंद आवास को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर घर का ताला तोड़कर करीब 320 ग्राम सोने और 450 ग्राम चांदी के आभूषणों के साथ लाइसेंसी .315 बोर की राइफल भी चोरी कर ले गए। चोरी की घटना कांके थाना क्षेत्र स्थित बीएयू के आरएसी कैंपस में हुई है। पीड़ित विश्वविद्यालय कर्मचारी दीपू उपाध्याय ने कांके थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

छठ मनाने बिहार गया था परिवार, पीछे से हुई चोरी

जानकारी के अनुसार, दीपू उपाध्याय 13 नवंबर को परिवार के साथ छठ पूजा मनाने अपने पैतृक गांव कल्याणपुर, भोजपुर (बिहार) गए थे। घर से निकलने से पहले उन्होंने पड़ोसी मोहम्मद मोइज उर्फ सोनू से आवास की निगरानी करने का आग्रह किया था।

19 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे जब वह परिवार के साथ वापस लौटे, तो घर के मुख्य लोहे के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली। अंदर जाने पर कमरों और बक्से के ताले टूटे मिले। घर का सामान फर्श और पलंग पर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर चोरी की जानकारी मिली।

320 ग्राम सोने और 450 ग्राम चांदी के जेवर गायब

पीड़ित की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, चोर घर में रखे बक्से से करीब 320 ग्राम सोने के आभूषण और 450 ग्राम चांदी के जेवरात ले गए हैं।

चोरी हुए सोने के गहनों में हार, चेन, चूड़ियां, अंगूठियां, कान की बालियां, टीका, नथिया और बच्चे का महावीरी लॉकेट शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की पायल और बिछिया के पांच सेट भी गायब हैं।

सबसे गंभीर बात यह है कि चोर घर में रखी लाइसेंसी .315 बोर की राइफल भी अपने साथ ले गए। हथियार चोरी होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

डॉग स्क्वायड और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद कांके थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों का पता लगाने में जुटी है। चोरी गई लाइसेंसी राइफल की बरामदगी भी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है।

BAU कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने बिरसा कृषि विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए निजी एजेंसी के गार्ड तैनात हैं। इसके बावजूद कैंपस के अंदर स्थित आवास में चोरी की इतनी बड़ी वारदात हो गई।

फिलहाल कांके थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *