-आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा
तीनपहाड़/बरहरवा:आरपीएफ बरहरवा की टीम ने शुक्रवार को गश्त के दौरान तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय से चोरी के दो मोबाइल फोन के साथ एक व्यक्ति को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपित गोड्डा जिले का रहने वाला है, जिसने बरहरवा स्टेशन पर सो रहे यात्रियों के मोबाइल चुराने की बात स्वीकार की है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (02 अक्टूबर) को आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) जलेश्वर कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल विजय लकड़ा, बृजेश कुमार यादव, कांस्टेबल अनिल कुमार साह एवं अजय कुमार तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर गश्त व निगरानी ड्यूटी पर तैनात थे।
जांच के क्रम में वेटिंग हॉल (प्रतीक्षालय) में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया। संदेह होने पर जब जवानों ने उससे पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान गोड्डा जिला अंतर्गत मंडपारा निवासी शैलेंद्र मंडल (59 वर्ष), पिता स्वर्गीय वासुदेव मंडल के रूप में बताई। स्टेशन पर रुकने और गंतव्य को लेकर वह गोलमोल जवाब देने लगा और सुरक्षा बल को गुमराह करने का प्रयास करने लगा।
संदेह गहराने पर आरपीएफ जवानों ने जब उसके बैग की विधिवत तलाशी ली, तो कपड़े में लपेट कर रखे गए दो एंड्रॉइड मोबाइल बरामद हुए। बरामद मोबाइलों में एक काले रंग का सैमसंग गैलेक्सी (कीमत करीब ₹17,599) और दूसरा स्काई ब्लू रंग का रियलमी C-21 (कीमत करीब ₹9,999) शामिल है। दोनों ही फोन लॉक कंडीशन में थे और उनमें सिम कार्ड मौजूद नहीं था।
कड़ाई से पूछताछ करने पर शैलेंद्र मंडल ने स्वीकार किया कि उसने बीती रात बरहरवा रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्रियों के बैग/पास से ये दोनों मोबाइल चुराए थे। चोरी के बाद वह जमालपुर सुपर एक्सप्रेस ट्रेन पकड़कर तीनपहाड़ आ गया था। पुलिस की धरपकड़ के डर से वह रात में स्टेशन से बाहर चला गया था और दिन में भोजन करने के बाद दोबारा आराम करने प्रतीक्षालय पहुंचा था।
मोबाइल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर एएसआई जलेश्वर कुमार दुबे ने दोनों मोबाइल (कुल अनुमानित कीमत ₹27,598) को जब्त कर लिया। इसके बाद आरपीएफ ने पकड़े गए आरोपी को लिखित शिकायत व जब्त मोबाइलों के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया है। जीआरपी मामले में अग्रिम कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
