गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस को वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पचंबा थाना क्षेत्र में खड़े ट्रकों से बैटरी और एसी यूनिट चोरी करने वाले 6 शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार चोरों की निशानदेही पर चोरी की 24 बैटरी और 7 एसी यूनिट बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दिनांक 21-10-2026 को पचंबा थाना अंतर्गत बाजार समिति में खड़े ट्रकों से बैटरी एवं टर्मिनल चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पचंबा थाना में कांड संख्या 102/26, धारा 303(2)/305(ए)/305(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार (गिरिडीह) द्वारा तत्काल एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें सभी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे रात के अंधेरे में बाजार समिति में खड़े ट्रकों को निशाना बनाते थे और बैटरी निकालकर कबाड़ी के पास बेच देते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी – सत्यम कुमार (20 वर्ष, लखारी), मो0 समसेर (23 वर्ष, दर्जी मोहल्ला), मो0 एहसान अंसारी (19 वर्ष, मोहनपुर), मो0 सरताज अंसारी (24 वर्ष, बरवाड़ीह), मो0 बशीर शाह (35 वर्ष, मोहनपुर) और अरमान खान (28 वर्ष, तिरंगा चौक) शामिल हैं। बरामद सामान – 24 पीस बैटरी और बीपीएल कंपनी के 4 इंडोर व 3 आउटडोर एसी यूनिट। छापामारी दल में अंचल निरीक्षक रामेश्वर भगत, थाना प्रभारी राजीव कुमार, दीपक कुमार, सोनू कुमार वर्मा, रंजीत पिंगुआ और तकनीकी शाखा की अहम भूमिका रही।
गिरिडीह पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: ट्रकों से बैटरी चोरी करने वाले 6 शातिर चोर गिरफ्तार, 24 बैटरी और 7 एसी यूनिट बरामद
