गंगा का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी, कई परिवार छतों पर रहने को मजबूर; राहत सामग्री और पेयजल की मांग
साहिबगंज: सदर प्रखंड के हाजीपुर दियारा क्षेत्र में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। बाढ़ का पानी कई घरों में प्रवेश कर जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई परिवारों के सामने सुरक्षित स्थान पर जाने का संकट खड़ा हो गया है।
बाढ़ का पानी घरों के साथ-साथ रसोई तक पहुंच गया है, जिससे लोगों के लिए चूल्हा जलाकर खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। कुछ परिवार मजबूरी में अपने घरों की छत पर रहने को विवश हैं।
एक सप्ताह से बढ़ी परेशानी
हाजीपुर दियारा निवासी गोपाल मंडल और किरण देवी ने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से खाना बनाने और रोजमर्रा का सामान लाने में काफी परेशानी हो रही है। घरों में पानी प्रवेश करने के कारण जरूरी सामान को सुरक्षित रखना भी चुनौती बन गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर गंगा का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो अगले एक-दो दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
प्रशासन से राहत की मांग
बाढ़ प्रभावित लोगों ने प्रशासन से स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है और तत्काल राहत पहुंचाने की जरूरत है।
स्थानीय लोगों को आशंका है कि जलस्तर में और वृद्धि होने पर अधिक घर प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में प्रशासन से प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान और आवश्यक राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है।
