सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कैबिनेट बैठक के बाद किया ऐलान, गौशालाओं को हर साल मिलेगी 1 लाख रुपये की सहायता; गोहत्या रोकने के लिए नया कानून लाने की तैयारी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर अब ‘पश्चिम बंग’ (Paschim Banga) करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कैबिनेट बैठक के बाद इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य का नाम बदलने का प्रस्ताव 9 दिसंबर को विधानसभा में पेश किया जाएगा। कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। अंतिम मंजूरी संसद से मिलने के बाद ही राज्य का आधिकारिक नाम बदल सकेगा।
अंग्रेजी में भी होगा पश्चिम बंग की इस्तेमाल
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अब अंग्रेजी में भी राज्य का नाम West Bengal की जगह Paschim Banga लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला 1947 में बंगाल के विभाजन और पश्चिम बंगाल के गठन से जुड़े ऐतिहासिक संदर्भों को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, विधानसभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे केंद्र सरकार और संसद की निर्धारित प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा। राज्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 से 14 दिसंबर तक चलेगा।
गौशालाओं को हर साल मिलेगा 1 लाख रुपये का अनुदान
कैबिनेट बैठक में गौशालाओं को आर्थिक सहायता देने का भी फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि बीमार और बूढ़ी गायों के रखरखाव के लिए गौशालाओं को हर साल एक लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी। यह सहायता राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही राज्य में अवैध गोहत्या रोकने के लिए नया विधेयक लाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोहत्या से जुड़े मौजूदा कानून को सख्ती से लागू किया जाएगा और अवैध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
10,146 सरकारी पदों पर भर्ती को मंजूरी
कैबिनेट ने राज्य के विभिन्न विभागों में 10,146 पदों पर भर्ती को भी मंजूरी दी है। इसके अलावा सरकारी नौकरी की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले बेरोजगार अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क से राहत देने का फैसला किया गया है। सरकार इन परीक्षाओं का शुल्क वहन करेगी।
