Skip to main content

Birsa Times

तीन घरों का ताला तोड़कर चार लाख नगद समेत सात लाख की चोरी

तीन घरों का ताला तोड़कर चार लाख नगद समेत सात लाख की चोरी

बिरनी में बंद घरों और दुकान को चोरों ने बनाया निशाना, पुलिस पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
आदिवासी एक्सप्रेस बिरनी/गिरिडीह

बिरनी प्रखंड क्षेत्र में बुधवार की रात चोरों ने तीन घरों और एक दुकान को निशाना बनाते हुए करीब चार लाख रुपये नगद समेत लगभग सात लाख रुपये मूल्य के जेवरात व सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने उन घरों और प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया, जिनके बाहर से ताला बंद था। घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार बरहमसिया पंचायत के रामनगर में दो घरों तथा खरखरी पंचायत के सोनबिरही में एक दुकान में चोरी की घटना हुई। रामनगर निवासी रिंकू मोदी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के इलाज के लिए रांची गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गोदरेज में रखे दो लाख रुपये नकद तथा करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए।इसी मोहल्ले में रामसहाय यादव के बंद घर का भी चोरों ने ताला तोड़ दिया। हालांकि घर में कोई कीमती सामान नहीं होने के कारण चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा।वहीं खरखरी पंचायत के खुटाटांड़ निवासी रवि साव की दुकान में भी चोरों ने हाथ साफ किया। रवि साव ने बताया कि वह सोनबिरही में राशन की दुकान चलाते हैं। प्रत्येक रात खाना खाने के बाद दुकान में ही सोने चले जाते थे। बुधवार को बारिश के कारण वह दुकान पर सोने नहीं जा सके। गुरुवार सुबह दुकान पहुंचने पर देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर गल्ला खुला पड़ा था।

रवि साव के अनुसार, व्यापारी से सामान मंगाने के लिए गल्ले में रखे दो लाख रुपये नकद चोर ले गए। इसके अलावा दुकान के पीछे स्थित कमरे में रखे बक्से से करीब 60 हजार रुपये मूल्य के जेवरात और लगभग 70 हजार रुपये का सामान भी चोरी कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बिरनी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घटनास्थलों का जायजा लेकर चोरी की वारदात से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया।

पुलिस की पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
लगातार हुई चोरी की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की घटनाएं मुख्य मार्ग के किनारे हुई हैं। पुलिस की ओर से रात में धनवार-सरिया मुख्य मार्ग और कोवाड़-कोवाड़ मुख्य मार्ग पर पेट्रोलिंग किए जाने का दावा किया जाता है। इसके बावजूद चोरों द्वारा एक ही रात में कई स्थानों पर ताला तोड़कर चोरी कर लेना पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *