Skip to main content

Birsa Times

रामगढ़ के पावर प्लांट में भीषण ब्लास्ट, तीन इंजीनियरों की मौत; एक गंभीर

रामगढ़ के पावर प्लांट में भीषण ब्लास्ट, तीन इंजीनियरों की मौत; एक गंभीर

रामगढ़। रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहल स्थित सीमेंट एंड इस्पात पावर प्लांट में शुक्रवार देर रात हुए जोरदार ब्लास्ट में तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बरकाकाना थाना प्रभारी उमाशंकर वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अत्यधिक तापमान के कारण पावर प्लांट के सिस्टम पर दबाव बढ़ गया था। इसी दौरान प्रोटेक्शन सिस्टम फेल होने और टरबाइन के ओवरस्पीड होने के बाद जोरदार ब्लास्ट हुआ। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार, हादसे में बोकारो के जागेश्वर विहार निवासी विनीत महतो, धनबाद निवासी संजीव केसरी और गढ़वा के नगर उटारी निवासी अभिषेक पांडे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, हजारीबाग जिले के निवासी तरुण रवानी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद प्लांट में कार्यरत कर्मचारी अमित कुमार ने प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कंट्रोल रूम में पहले से ही अत्यधिक तापमान का संकेत मिल रहा था। कंट्रोल रूम का एसी खराब होने के कारण वहां काम करना भी मुश्किल था। कर्मचारियों ने कई बार प्रबंधन को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि कूलिंग व्यवस्था दुरुस्त करने या स्थिति को नियंत्रित करने के लिए समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

इधर, हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने शनिवार को रामगढ़-पतरातू मार्ग को जाम कर दिया। लोग मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हादसे की जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस और प्लांट प्रबंधन की ओर से प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *