Skip to main content

Birsa Times

देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी, रांची सदर अस्पताल में भर्ती

देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी, रांची सदर अस्पताल में भर्ती

रांची। आंदोलनकारी नेता देवेंद्र नाथ महतो की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बीच उन्होंने अपने साथियों, छात्रों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों से चिंता नहीं करने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, देवेंद्र नाथ महतो को तेज बुखार, लगातार दस्त और डिसेंट्री, उल्टी तथा पूरे शरीर में दर्द की शिकायत है। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उनकी आवश्यक जांच की जा रही है। स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर उन्हें उपचार दिया जा रहा है।

अस्पताल में भर्ती होने के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने लोगों से अपने शीघ्र स्वस्थ होने के लिए आशीर्वाद और शुभकामनाएं बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद छात्रों और युवाओं के अधिकार, निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती व्यवस्था तथा झारखंड के भविष्य के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने अपने साथियों और समर्थकों से संयम बनाए रखने की अपील की।

बता दें कि जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर देवेंद्र नाथ महतो पिछले कई दिनों से आंदोलनरत थे। उन्होंने सबसे पहले रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आमरण अनशन शुरू किया था। इसके बाद छात्रों के साथ विधानसभा घेराव किया।

इसके बाद उन्होंने झारखंड के सभी 24 जिलों में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा निकाली, जिसका समापन 11 सितंबर को हुआ। यात्रा समाप्त होने के बाद अब उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *