परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार, तीन दिनों से थे लापता
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : हंटरगंज थाना क्षेत्र के नावाडीह पनारी पंचायत अंतर्गत गोसपुर गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मायापुर मध्य विद्यालय के समीप स्थित एक कुएं से 65 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। मृतक की पहचान सोहर यादव (65), पिता गिरधारी यादव के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, सोहर यादव पिछले करीब तीन दिनों से लापता थे।परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मायापुर मध्य विद्यालय के समीप स्थित कुएं में छात्रों ने एक शव को तैरते देखा और तुरंत शिक्षकों को सूचना दी। शिक्षकों ने ग्रामीणों और हंटरगंज थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना एएसआई अजय कुमार महतो दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। जिसके बाद उसकी पहचान सोहर यादव के रूप में हुई।
तीन दिनों से घर से थे गायब
परिजनों के मुताबिक सोहर यादव तीन दिनों से घर से लापता थे। परिवार के लोग उनकी खोजबीन में जुटे हुए थे, लेकिन कहीं पता नहीं चल पा रहा था। अचानक कुएं से उनका शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।परिजनों ने बताया कि सोहर यादव को शराब पीने की आदत थी तथा उनका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं रहता था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि संभवत: वह किसी तरह कुएं में गिर गए होंगे। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं, इसे लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।ग्रामीणों के अनुसार सोहर यादव मिलनसार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। गांव में उनका व्यवहार सभी के साथ सामान्य था और किसी व्यक्ति से उनकी दुश्मनी या विवाद की जानकारी ग्रामीणों को नहीं है। ऐसे में कुएं से उनका शव बरामद होने की घटना से ग्रामीण भी हैरान हैं।घटना के बाद गोसपुर गांव में मातम का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं।
पोस्टमार्टम कराने से परिजनों का इनकार
घटना के बाद शव के पोस्टमार्टम को लेकर भी स्थिति सामने आई है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया है। परिजनों की ओर से पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कही गई है।पोस्टमार्टम नहीं होने की स्थिति में मौत के वास्तविक कारणों की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह स्पष्ट नहीं है कि सोहर यादव की मौत किन परिस्थितियों में हुई। मायापुर मध्य विद्यालय के समीप कुएं से शव बरामद होने की घटना के बाद पूरे नावाडीह पनारी क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।तीन दिनों से लापता 65 वर्षीय व्यक्ति का शव कुएं से मिलने की घटना ने ग्रामीणों को झकझोर दिया है।
