-35-40 किलोमीटर तक निगरानी के बाद पकड़ा गया ट्रक, चालक मौके से फरार, एमएमडीआर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंपा गया मामला
संवाददाता/राँची जिला व्यूरो/दिव्य दिनकर न्यूज
राँची। अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीसीएल एनके एरिया एवं पिपरवार सीआईएसएफ यूनिट की टीम ने बुधवार की रात बुढ़मू क्षेत्र में कोयला लदा एक ट्रक जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान सीआईएसएफ टीम को देखकर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मौके से चालक का मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया गया है। सीआईएसएफ ने जब्त ट्रक और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बुढ़मू थाना की पुलिस को सौंप दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उप कमांडेंट दिनेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध कोयला लदा एक ट्रक बुढ़मू की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में सीआईएसएफ की टीम ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। इस दौरान छापर, कोले रेलवे रोड, हिंदगीर और बुढ़मू सहित लगभग 35 से 40 किलोमीटर के क्षेत्र में निगरानी की गई। इसी क्रम में बुधवार रात करीब सवा 9 बजे निरीक्षक पंकज झा के नेतृत्व में टीम ने बुढ़मू क्षेत्र में ट्रक संख्या ओडी09पी-4797 को जांच के लिए रोका। सीआईएसएफ टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान ट्रक से चालक का मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ। लाइसेंस के आधार पर चालक की पहचान इरफान अंसारी के रूप में की गई। सीआईएसएफ की ओर से अवैध कोयला परिवहन के मामले में एमएमडीआर एक्ट के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए बुढ़मू थाना पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया है। जब्त ट्रक और बरामद सामान भी पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए हैं। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से की गई आगे की कार्रवाई की जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है। इस अभियान में उप कमांडेंट दिनेश कुमार के नेतृत्व में निरीक्षक पंकज झा, निरीक्षक राजीव कुमार शर्मा, निरीक्षक कुलदीप कुमार सहित सीआईएसएफ के अन्य जवान शामिल थे।
अवैध कोयला परिवहन पर सीआईएसएफ की कार्रवाई, बुड़मू में कोयला लदा ट्रक जब्त
