-सड़क हादसे में दंपति घायल, गया रेफर; कार छोड़कर चालक फरार
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा : जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के हंटरगंज-औरुगेरुआ मुख्य पथ पर गुरुवार को ढेबो-सतघरवा गांव के समीप मारुति सुजुकी अर्टिगा कार की टक्कर से बाइक सवार दंपति घायल हो गए। दोनों अपने चाचा के अंतिम संस्कार में शामिल होने गेरुआ जा रहे थे। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों को हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।घायलों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के मंझगवां निवासी अनिल सिंह (40) और उनकी पत्नी दीपा देवी (35) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अनिल सिंह की जांघ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि उनकी पत्नी को भी चोटें आई हैं।जानकारी के अनुसार, गेरुआ निवासी कैलाश सिंह का गुरुवार सुबह करीब 10 बजे आकस्मिक निधन हो गया था। इसकी सूचना मिलने पर दंपति बाइक से उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने गेरुआ जा रहे थे। इसी दौरान ढेबो-सतघरवा गांव के समीप औरु की ओर से आ रही मारुति सुजुकी अर्टिगा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR02CC2985) ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। वहीं, कार चालक हंटरगंज-औरुगेरुआ टेंपो स्टैंड के पास वाहन छोड़कर फरार हो गया। खबर लिखें जाने तक पुलिस नहीं पहुंची थी।

