Skip to main content

Birsa Times

गिरिडीह में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, पारसनाथ से भारी विस्फोटक सामग्री बरामद

गिरिडीह में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, पारसनाथ से भारी विस्फोटक सामग्री बरामद

गिरिडीह। गिरिडीह जिले के पारसनाथ पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के संदिग्ध भंडार से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। चतरो गांव के अंतर्गत जोकाई नाला तथा सतकटिया के पहाड़ी एवं जंगली इलाकों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान 494 जिलेटिन स्टिक, 16 कमर्शियल डेटोनेटर और करीब 1800 मीटर कॉर्डेक्स वायर समेत अन्य सामग्री मिली। पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और सीआरपीएफ 154वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को गुप्त सूचना मिली थी कि पारसनाथ के पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों ने किसी विध्वंसक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री और हथियार छिपाकर रखे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद संयुक्त टीम गठित की गई।

सीआरपीएफ 154वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट भट्टाचार्य उपाध्याय भाष्कर और खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सीआरपीएफ, जैप और जिला पुलिस बल की टीम ने कानीडीह, चतरो, जोकाई नाला तथा सतकटिया के जंगलों में सर्च अभियान चलाया।गुरुवार सुबह से दोपहर तक चली कार्रवाई में यह सामग्री बरामद हुई।बरामद सामग्री में ईएमयूलडाइन कंपनी की 494 जिलेटिन स्टिक, आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त 16 कमर्शियल डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर के नौ बंडल, जिनमें प्रत्येक में लगभग 200 मीटर वायर, काले रंग की राइफल सीलिंग के दो पीस, एक क्षतिग्रस्त स्पीकर, दो क्षतिग्रस्त वायरलेस सेट शामिल है। सर्च ऑपरेशन में सीआरपीएफ 154वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट भट्टाचार्य उपाध्याय भाष्कर, इंस्पेक्टर निमाईचंद महतो, खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह, हरलाडीह ओपी प्रभारी नीरज कुमार तथा खुखरा थाना के सहायक अवर निरीक्षक नीलमचन्द्र एक्का शामिल रहे। इनके साथ सीआरपीएफ, जैप और जिला पुलिस बल के जवानों ने संयुक्त रूप से अभियान संचालित किया। पारसनाथ के पहाड़ी और जंगली क्षेत्र से इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी को सुरक्षा एजेंसियों ने अत्यंत महत्वपूर्ण माना है। माना जा रहा है कि यह सामग्री किसी बड़ी नक्सली गतिविधि या विध्वंसक घटना की तैयारी के लिए छिपाई गई थी। पुलिस ने इस मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *