नई दिल्ली: संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई। प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जाएगी। इसके साथ ही संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ने की तैयारी है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, संशोधित प्रस्ताव में सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है। इसके तहत राज्यों के बीच मौजूदा आनुपातिक प्रतिनिधित्व को वर्ष 2051 तक बनाए रखने की बात कही गई है। सरकार का यह कदम परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों की ओर से जताई जा रही चिंताओं को दूर करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
केंद्र सरकार ने संसद की बैठक फिर से बुलाने का फैसला किया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया था कि आवश्यक सरकारी कामकाज के लिए सदनों को फिर से बुलाने का अनुरोध किया गया है।
लोकसभा की सीटों में होगी बढ़ोतरी
प्रस्तावित संशोधन के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 तक करने का प्रस्ताव है। इसमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रावधान बताया गया है। सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी के साथ महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
अप्रैल में पारित नहीं हो पाया था विधेयक
इससे पहले अप्रैल 2026 में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया था। इसके बाद सरकार को संबंधित विधेयकों पर आगे बढ़ने में मुश्किल हुई थी। अब संशोधित प्रस्ताव के साथ सरकार संसद में इसे फिर से पेश करने की तैयारी में है।
विपक्ष की रणनीति पर भी नजर
विशेष सत्र को लेकर विपक्षी दल भी अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल परिसीमन को महिला आरक्षण से जोड़ने पर सवाल उठा चुके हैं। विपक्ष का कहना है कि वह महिला आरक्षण के समर्थन में है, लेकिन परिसीमन की प्रक्रिया और राज्यों के प्रतिनिधित्व पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर चर्चा जरूरी है।
अब संसद के विशेष सत्र में इस विधेयक पर सरकार और विपक्ष के बीच चर्चा अहम होगी। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत की आवश्यकता होगी।
