22 दुकानों की जांच, 60 खाद्य नमूनों की मौके पर हुई जांच; कारोबारियों पर लगा 6,500 रुपये जुर्माना
दुमका। आदिवासी एक्सप्रेस। ललित कुमार पाल।
राजकीय श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को मिलावटरहित और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा टीम लगातार जांच अभियान चला रही है। इसी क्रम में 17 अगस्त 2026 को बाबा मंदिर के आसपास, शिवगंगा रोड और समर्पण चौक क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
22 दुकानों का निरीक्षण, 60 नमूनों की जांच
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने कुल 22 दुकानों का निरीक्षण किया। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (MFTL) के जरिए पेड़ा, दही, हल्दी, सब्जी, सेव समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 60 नमूनों की मौके पर जांच की गई।
38 किलो मिलावटी पेड़ा और एक्सपायर्ड दही नष्ट
जांच में मिलावटी पाए गए करीब 38 किलोग्राम पेड़ा को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इसके अलावा एक पैकेट एक्सपायर्ड दही भी नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 6,500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
लैब जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा टीम ने पेड़ा के नमूने भी संग्रहित किए हैं, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, मिलावट से बचने, एक्सपायर्ड सामग्री की बिक्री नहीं करने और स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया।
अभियान में FSO अंजना रानी मिंज, FSO डेजी नीलिमा तिग्गा, जरमुंडी थाना पुलिस बल, MFTL के जूनियर एनालिस्ट शुभम कुमार और लैब अटेंडेंट सुधांश कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूना परीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
