Skip to main content

Birsa Times

जेल जाने से पहले बंटी ने कहा- नशेड़ी प्रिंस खान का एनकाउंटर करे पुलिस

जेल जाने से पहले बंटी ने कहा- नशेड़ी प्रिंस खान का एनकाउंटर करे पुलिस

धनबाद। कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान उर्फ जियाउल हक ने पुलिस से अपने ही भाई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कोलकाता के शिया रोड स्थित शिद्रा बैंक्विट की चौथी मंजिल से गिरफ्तारी के बाद जेल जाने से पहले बंटी ने पुलिस के सामने कहा कि उसका पूरा परिवार प्रिंस खान की हरकतों से परेशान है। उसने पुलिस से यहां तक गुहार लगाई कि प्रिंस का एनकाउंटर कर दिया जाए।

बंटी के पुलिस के समक्ष दिए गए बयान का करीब 42 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वह अपना नाम बंटी खान उर्फ जियाउल हक बताते हुए कहता है कि प्रिंस उसका छोटा भाई है और उसके कारण पूरा परिवार परेशान है। उसने दावा किया कि माता-पिता ने प्रिंस को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं सुधरा।

बंटी ने प्रिंस को धनबाद आकर सरेंडर करने की दी चुनौती

वीडियो में बंटी ने प्रिंस खान को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उसमें हिम्मत है और वह खुद को बड़ा गैंगस्टर मानता है तो धनबाद आकर कानून का सामना करे और आत्मसमर्पण करे। उसने कहा कि प्रिंस अपने परिवार के साथ भाग गया, जबकि बाकी घरवालों को परेशानी झेलने के लिए छोड़ दिया।

बंटी ने पुलिस से अपने परिवार को इस पूरे मामले से बचाने की अपील भी की। उसने प्रशासन से सुरक्षा और मदद की गुहार लगाते हुए कहा कि परिवार अब इन घटनाओं से परेशान हो चुका है।

पिता की बीमारी का भी किया जिक्र

बताया जा रहा है कि बंटी ने पुलिस को यह भी बताया कि उसके पिता बीमार हैं, लेकिन प्रिंस उनकी देखभाल नहीं कर रहा है। बंटी के मुताबिक, प्रिंस सिर्फ अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों के साथ रह रहा है। उसने आरोप लगाया कि प्रिंस नशे की गिरफ्त में है और अपनी जिंदगी के तौर-तरीकों के कारण पूरे परिवार को परेशानी में डाल दिया है।

हालांकि, बंटी द्वारा अपने भाई प्रिंस खान के खिलाफ लगाए गए आरोप उसके बयान पर आधारित हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सोमवार को भेजा गया जेल, रिमांड की तैयारी

पुलिस ने बंटी खान को सोमवार को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया था। अब पुलिस उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी में है। इसके लिए न्यायालय में आवेदन देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

पुलिस रिमांड के दौरान बंटी से प्रिंस खान और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े कई पहलुओं पर पूछताछ कर सकती है। फिलहाल पुलिस की आगे की कार्रवाई और न्यायालय के निर्णय पर नजर है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *