ब्यूरो चीफ, मुंगेर
तारापुर(मुंगेर) : थाना क्षेत्र के धौनी गांव में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। छात्र अपने मामा के साथ बाइक से भागलपुर के बरारी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने जा रहा था। इसी दौरान गिट्टी लदे 18 चक्के के हाइवा ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सुल्तानगंज-देवघर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। मृतक की पहचान बांका जिले के सुईया गांव निवासी शिक्षक गंगाधर पांडे के 13 वर्षीय पुत्र कृतिवर्धन पांडे उर्फ गोपाल कुमार पांडे के रूप में हुई है। वह कक्षा छह का छात्र था और दो बहनों के बीच परिवार का इकलौता बेटा था। अपने इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता और मामा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक के मामा आशुतोष पांडे के अनुसार, वह अपने भांजे को बुलेट बाइक से नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा दिलाने भागलपुर जा रहे थे। धौनी के पास बाइक गिट्टी लदे हाइवा ट्रक से आगे निकल रही थी। इसी दौरान सड़क पर अचानक कुछ स्कूली बच्चियां आ गईं। उन्हें बचाने के लिए चालक ने ट्रक को पश्चिम दिशा की ओर मोड़ा, जिससे ट्रक का पिछला हिस्सा बाइक से टकरा गया। हादसे में मामा सड़क किनारे जा गिरे, जबकि छात्र ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक का पहिया सिर पर चढ़ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक को रोक लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने खलासी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर तारापुर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, सड़क जाम की सूचना पर एसडीओ महेश कुमार, एसडीपीओ कुमार देवेंद्र समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।
करीब दो घंटे तक चले सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। अधिकारियों के समझाने के बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हुआ। दोपहर करीब 12 बजे मृतक छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया गया। जिस बेटे को परिवार बेहतर भविष्य और शिक्षा के सपने के साथ परीक्षा दिलाने ले जा रहा था, उसकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
