Skip to main content

Birsa Times

मुंगेर के दरियापुर गांव में कुर्सी पर बैठने को लेकर हिंसक झड़प, 9 घायल

मुंगेर के दरियापुर गांव में कुर्सी पर बैठने को लेकर हिंसक झड़प, 9 घायल

-झगड़ा देखते ही देखते लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरबाजी में बदल गया
-तनाव को देखते हुए घटनास्थल पर कैंप कर रही पुलिस
रंजीत विधार्थी
मुंगेर :
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में गुरुवार सुबह एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कुर्सी पर बैठने और रास्ते को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरबाजी में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से ताबड़तोड़ पथराव हुआ, जिससे गांव में भगदड़ मच गई। इस हिंसक झड़प में महिलाओं समेत 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ अभिषेक आनंद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभाला।

दोनों पक्षों के 9 लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
पथराव में पहले पक्ष से वसंत कुमार पासवान, उज्ज्वल कुमार पासवान, रीता देवी, गगन कुमार, काजल कुमारी और भारती कुमारी घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से विपुल कुमार सिंह, मुकुल कुमार सिंह और मोनू कुमार सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार सभी को सिर, हाथ और शरीर में गहरी चोटें हैं।

कुर्सी पर बैठने पर जातिसूचक गाली का आरोप*
पहले पक्ष के अजीत कुमार पासवान ने बताया कि भगवती स्थान के पास एक आम रास्ता है जिसे दुर्गा पूजा के दौरान बांस-बल्ले से बंद कर दिया जाता है। गुरुवार सुबह उनका भतीजा गगन पासवान दुर्गा स्थान के पास रखी कुर्सी पर बैठा था। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोग भड़क गए और जातिसूचक गाली-गलौज करने लगे।
अजीत ने आरोप लगाया कि इसी दौरान सदर अस्पताल में संविदा पर काम करने वाली उनकी बेटी भारती कुमारी ड्यूटी पर जा रही थी। उसे रोककर हाथापाई और बदसलूकी की गई। जब परिवार ने विरोध किया तो लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया गया। जवाब में दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चले।

दूसरा पक्ष बोला – दुर्गा पंडाल की लाइट चोरी से शुरू हुआ विवाद
दूसरे पक्ष के विपुल कुमार सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान मंदिर में 56 भोग और महाआरती का आयोजन था। इसी दौरान पंडाल से लाइट चोरी हो गई थी। इसका आरोप गगन पासवान पर लगा था। पूछताछ के बाद उसने लाइट वापस कर दी थी, लेकिन रंजिश पाल रखी थी। उसी रंजिश में विसर्जन के दिन हमला किया गया।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान ले रही है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसडीपीओ ने कहा है कि मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *