Skip to main content

Birsa Times

फायरिंग में घायल युवक की कोलकाता में इलाज के दौरान मौत, सड़क जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन

फायरिंग में घायल युवक की कोलकाता में इलाज के दौरान मौत, सड़क जाम कर लोगों ने किया प्रदर्शन

पूर्वी सिंहभूम। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड में घायल आफताब आलम की मंगलवार तड़के कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही बर्मामाइंस इलाके में लोगों का आक्रोश भड़क उठा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और थाना के बाहर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने टायर जलाकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि आफताब आलम को रविवार रात बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती स्थित कंटेनर यार्ड के पास बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारी थी। हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग की थी, जिसमें उन्हें तीन गोलियां लगी थीं। गंभीर रूप से घायल आफताब को स्थानीय लोगों की मदद से पहले जमशेदपुर के टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया था, जहां मंगलवार सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए थे। पुलिस ने मामले में 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

आफताब आलम की मौत के बाद बर्मामाइंस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस पूरे क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *