रात में सोते समय सिर पर किया हमला, पत्नी पर भी वार करने की थी कोशिश; बेटी के शोर मचाने पर आरोपी फरार
पतना, संवाददाता
रांगा थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत एक पिता ने अपने ही 22 वर्षीय इकलौते पुत्र की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। आरोपी पिता वारदात के बाद फरार हो गया, जबकि पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
मृतक की पहचान सफीकुल (22 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके पिता मुजाहिरुल हक ने सोते समय उसके सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल सफीकुल को परिजन विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए ले गए, लेकिन हायर सेंटर ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।
शाम में हुआ था विवाद, रात में किया जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार रविवार शाम किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद मुजाहिरुल हक घर से निकल गया। देर रात वह शराब के नशे में घर लौटा और सो रहे बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बताया जाता है कि आरोपी को लगा कि बेटे की मौके पर ही मौत हो गई है।
इसके बाद वह हाथ में कुल्हाड़ी लेकर अपनी पत्नी पर भी हमला करने बढ़ा, लेकिन तभी उसकी बेटी की नजर उस पर पड़ गई। बेटी के शोर मचाने पर घर के अन्य लोग और ग्रामीण जाग गए। लोगों के जुटने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक भटकते रहे परिजन
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल सफीकुल को पहले कल्याण अस्पताल, केंदुआ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद उसे बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया। यहां भी चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल हायर सेंटर भेजने की सलाह दी। परिजन उसे फरक्का बीडीएच लेकर पहुंचे, लेकिन वहां से भी बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। हायर सेंटर ले जाने के दौरान रास्ते में ही सफीकुल ने दम तोड़ दिया।
शराब की लत से अक्सर होता था पारिवारिक विवाद
ग्रामीणों के अनुसार मुजाहिरुल हक शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर में पत्नी व बच्चों के साथ झगड़ा करता था। सफीकुल और उसकी मां उसके शराब पीने का विरोध करते थे। ग्रामीणों का मानना है कि इसी बात को लेकर उपजे विवाद ने इस जघन्य घटना का रूप ले लिया।
पहले भी परिवार पर टूटा था दुखों का पहाड़
बताया जाता है कि सफीकुल दो भाइयों में छोटा था। उसके बड़े भाई की करीब आठ वर्ष पूर्व महाराजपुर में ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। परिवार में चार बहनें हैं, जिनमें तीन की शादी हो चुकी है। सफीकुल की अभी शादी नहीं हुई थी। इकलौते बेटे की इस दर्दनाक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी
घटना की सूचना मिलते ही रांगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

