Skip to main content

Birsa Times

कोडरमा के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

कोडरमा के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप

कोडरमा। झुमरीतिलैया स्थित जीवन ज्योति हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक 28 वर्षीय युवक की मौत के बाद रविवार रात अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर गलत इंजेक्शन देने तथा इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

मृतक की पहचान नवलशाही थाना क्षेत्र के रायडीह निवासी आकाश पासवान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आकाश हाल ही में सूरत से अपने घर आया था। शनिवार दोपहर अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए जीवन ज्योति हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उनका दावा है कि रविवार दोपहर तक उसकी स्थिति में सुधार हो रहा था, लेकिन इसी दौरान अस्पताल में एक इंजेक्शन दिए जाने के बाद उसकी तबीयत अचानक गंभीर हो गई।

परिजनों का आरोप है कि हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्हें आकाश की मौत होने की आशंका हो गई। इसके बाद वे उसे वापस उसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां परिजनों और ग्रामीणों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और जमकर हंगामा किया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में पहले भी इलाज में लापरवाही के मामले सामने आते रहे हैं। हालांकि, इस पूरे मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *