आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो कृष्णा गोस्वामी
देवघर :मधुपुर थाना क्षेत्र के मिसरना गांव में डायन बताकर महिला की नृशंस हत्या के बहुचर्चित मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे नामजद आरोपी भागीरथ मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद से भागीरथ मंडल लगातार फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने घर मिसरना गांव आया हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस जघन्य हत्याकांड में नामजद कई अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही अनुसंधान के दौरान जिन अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है, उनकी भूमिका की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
डायन बताकर की गई थी निर्मम हत्या
गौरतलब है कि 27 नवंबर की देर शाम अंधविश्वास और डायन-बिसाही के आरोप में महिला का अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद उसकी गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव का सिर धड़ से अलग कर दिया था। पुलिस ने पहले सिर कटा शव बरामद किया, जबकि बाद में महिला का कटा हुआ सिर एक बंद पत्थर खदान से बरामद किया गया था।
इस वीभत्स घटना ने पूरे देवघर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैला दी थी। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल उत्पन्न हो गया था। पुलिस ने विशेष जांच दल गठित कर मामले की जांच शुरू की थी और लगातार कार्रवाई करते हुए एक-एक कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है।
पुलिस का संदेश
पुलिस ने आम लोगों से अंधविश्वास जैसी कुप्रथाओं से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि डायन-बिसाही जैसी मान्यताओं के नाम पर किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न कानूनन गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
