पुरानी रंजिश में वारदात, कक्षा आठवीं का छात्र गंभीर रूप से घायल, पुलिस जांच में जुटी
मांडर। मांडर थाना क्षेत्र के मांडर मिशन के समीप सोमवार को पुरानी रंजिश को लेकर कक्षा आठवीं के एक छात्र पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में संत जेवियर उच्च विद्यालय, मांडर के छात्र प्रवीण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी मलती गांव निवासी 22 वर्षीय सुमित उरांव , पिता बुधवा उरांव, स्कूल के मुख्य द्वार के बाहर पहले से ही प्रवीण के निकलने का इंतजार कर रहा था। स्कूल की छुट्टी होने के बाद जैसे ही प्रवीण मुख्य गेट से बाहर निकला, घात लगाए आरोपी ने उस पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
बताया जाता है कि पहला वार प्रवीण के गले के पास कंधे और फिर पेट पर किया गया। इसके बाद आरोपी ने उसकी पीठ पर भी चाकू से गहरा वार कर दिया। अचानक हुए हमले में प्रवीण गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल छात्र को तत्काल इलाज के लिए कांस्टेंट लेवल्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी सुमित उरांव और घायल छात्र प्रवीण कुमार पड़ोसी हैं तथा दोनों के बीच पहले से किसी बात को लेकर रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के कारण घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सुमित उरांव स्वयं मांडर थाना पहुंच गया और पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा मामले की गहन जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश के कारणों और घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
