Skip to main content

Birsa Times

पीसीसी सड़क निर्माण में बाधा पर बढ़ा विवाद, ग्रामीणों ने डीसी से लगाई न्याय की गुहार

पीसीसी सड़क निर्माण में बाधा पर बढ़ा विवाद, ग्रामीणों ने डीसी से लगाई न्याय की गुहार

रास्ता रोकने व अतिक्रमण की कोशिश का आरोप, दूसरे पक्ष ने सभी आरोपों को बताया निराधार
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा :
हंटरगंज प्रखंड के डाहा पंचायत अंतर्गत ग्राम बिहिया टोला सरहचिया (पहाड़ी टोला) में निर्माणाधीन पीसीसी सड़क को लेकर विवाद गहरा गया है। सड़क निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने और वर्षों पुराने सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण की कोशिश का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने उपायुक्त चतरा को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों के अनुसार गांव की मुख्य सड़क से लखन मिस्त्री के घर तक पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसी दौरान गांव के ही सचितानंद यादव (पिता– वासुदेव यादव) द्वारा निर्माण कार्य में जानबूझकर बाधा उत्पन्न करने, सड़क निर्माण रुकवाने तथा रास्ता बंद करने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है, आवेदन में ग्रामीणों ने कहा है कि जिस रास्ते पर सड़क बनाई जा रही है, उसका उपयोग गांव के लोग कई पीढ़ियों से आवागमन के लिए करते आ रहे हैं। अब उसी रास्ते पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस मामले की शिकायत पूर्व में हंटरगंज अंचल कार्यालय में भी की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें उपायुक्त से हस्तक्षेप की मांग करनी पड़ी।उन्होंने सड़क निर्माण में उत्पन्न बाधा को तत्काल हटाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि विकास कार्य बिना किसी रुकावट के पूरा हो सके।

दूसरे पक्ष ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं, दूसरे पक्ष के सचितानंद यादव ने ग्रामीणों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उनके निजी भूखंड से लगभग आठ फीट चौड़ी कच्ची सड़क पहले से आवागमन के लिए दी गई है।उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत करने वाले कुछ लोगों ने स्वयं कच्ची सड़क पर मकान और ढाबा बनाकर सड़क की चौड़ाई कम कर दी है। उनका यह भी कहना है कि संबंधित रास्ता सर्वे रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है, फिर भी उन्होंने गांव के हित में अपनी जमीन से आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई है।

क्या बोले अंचलाधिकारी
हंटरगंज के अंचलाधिकारी ऋतिक कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद तत्काल राजस्व कर्मचारी, सीआई एवं अमीन को जांच के लिए भेजा गया था। जांच में संबंधित भूमि गैरमजरूआ पाई गई है। उन्होंने कहा कि यदि दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर लेते हैं तो बेहतर होगा, अन्यथा नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *