Skip to main content

Birsa Times

गिरिडीह पुलिस की बड़ी सफलताः पांच अपराधी गिरफ्तार, दो देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस बरामद

गिरिडीह पुलिस की बड़ी सफलताः पांच अपराधी गिरफ्तार, दो देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस बरामद

गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस ने हाल के दिनों में हुई बड़ी लूट की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार, जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल तथा लूटी गई राशि का एक हिस्सा बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि 23 जुलाई 2026 को पचंबा थाना क्षेत्र के मोहनपुर वन विभाग कार्यालय के समीप गिरिडीह-जमुआ मुख्य मार्ग पर सुबह करीब 9 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एक मछली व्यवसायी से बैग सहित ₹2 लाख 7 हजार की लूट कर ली थी। इस संबंध में पचंबा थाना कांड संख्या 72/26 के तहत धारा 309(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-02) रूपेंद्र कुमार राणा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मानव आसूचना एवं लगातार छापेमारी के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी में दीपक कुमार वर्मा (परसन, बेंगाबाद), पप्पू प्रसाद वर्मा (परसन, बेंगाबाद), विजय राय उर्फ बाबा (मोतीलेडा, बेंगाबाद), अशोक दास (वर्तमान पता शास्त्रीनगर, गिरिडीह; स्थायी पता चरकमारा, गांडेय), शंकर दास उर्फ भांगड़ा (बरेनडीहा, मुफ्फसिल) शामिल है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने 2 जुलाई 2026 को गांडेय थाना क्षेत्र के बंधाबाद गांव में फाइनेंस कर्मी से हथियार के बल पर ₹1.46 लाख की लूट में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की हैं।

अपराधियों के पास से बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टा, तीन जिंदा गोली, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल, बिना नंबर की लाल रंग की टीवीएस राइडर बाइक तथा लूटी गई राशि में से ₹10 हजार बरामद किए हैं। प्रेस वार्ता में एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में विजय राय उर्फ बाबा, शंकर दास उर्फ भांगड़ा और अशोक दास के विरुद्ध पूर्व से हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी तथा पॉक्सो एक्ट समेत कई संगीन मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक रूपेंद्र कुमार राणा के नेतृत्व में पचंबा, गांडेय, बेंगाबाद अनुसंधान सेल, तकनीकी शाखा एवं पुलिस केंद्र की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने टीम के सभी अधिकारियों एवं जवानों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *