Skip to main content

Birsa Times

इकलौते पुत्र की हत्या का आरोपी पिता ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, पेड़ से बांधकर पुलिस को सौंपा

इकलौते पुत्र की हत्या का आरोपी पिता ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, पेड़ से बांधकर पुलिस को सौंपा

-रांगा थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव की सनसनीखेज घटना, कुल्हाड़ी से बेटे की हत्या के बाद फरार था आरोपी; पुलिस हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
पतना।
रांगा थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव में अपने ही इकलौते पुत्र की कुल्हाड़ी से हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी पिता मुजाहिरुल हक को मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने पकड़ लिया। गांव लौटने की भनक लगते ही ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और भागने से रोकने के लिए एक पेड़ से बांध दिया। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल रांगा थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस आरोपी से हिरासत में पूछताछ कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूरे गांव में घटना को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

रविवार रात हुई थी दिल दहला देने वाली वारदात
गौरतलब है कि रविवार देर रात बिशनपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई थी। आरोप है कि शराब के नशे में धुत मुजाहिरुल हक ने अपने 22 वर्षीय इकलौते पुत्र सफीकुल की सोते समय कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।

मृतक सफीकुल को गंभीर हालत में पहले स्थानीय स्तर पर उपचार के लिए ले जाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

शाम के विवाद ने लिया खूनी रूप
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, रविवार शाम किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद मुजाहिरुल हक घर से निकल गया। देर रात वह शराब के नशे में वापस लौटा और सो रहे बेटे के सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद उसे लगा कि बेटे की मौके पर ही मौत हो चुकी है।

बताया जाता है कि इसके बाद आरोपी हाथ में कुल्हाड़ी लेकर अपनी पत्नी पर भी हमला करने के इरादे से बढ़ा। तभी उसकी बेटी की नजर उस पर पड़ गई और उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण जाग गए। लोगों के एकत्र होने से पहले ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था।

ग्रामीणों की सतर्कता से गिरफ्तारी
घटना के बाद से आरोपी की तलाश जारी थी। मंगलवार सुबह उसके गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पेड़ से बांध दिया। बाद में पुलिस को सूचना देकर आरोपी को उनके हवाले कर दिया गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच
रांगा थाना पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम, हत्या के कारणों तथा आरोपी की मानसिक एवं नशे की स्थिति सहित सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। वहीं, इस दर्दनाक घटना से बिशनपुर गांव में अब भी शोक और भय का माहौल बना हुआ है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *