Skip to main content

Birsa Times

रांची के हाई-प्रोफाइल चोरी कांड का बड़ा खुलासा, 65 लाख के सोने-मोती के आभूषण बरामद

रांची के हाई-प्रोफाइल चोरी कांड का बड़ा खुलासा, 65 लाख के सोने-मोती के आभूषण बरामद

-मुजफ्फरपुर से सोना व्यवसायी गिरफ्तार, अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और जेवरात बरामद
रांची। राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित अशोक नगर में हुई चर्चित चोरी की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले में करीब 65 लाख रुपये मूल्य के 400 ग्राम सोने और मोती के आभूषण बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के साथ ही अब तक इस कांड में एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नकदी, आभूषण और अन्य सामान की बरामदगी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को अशोक नगर निवासी निशित केसरी और अखिलेश पांडेय के घर चोरी हुई थी। घटना के बाद अरगोड़ा थाना में कांड संख्या 172/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले चोरी में इस्तेमाल की गई जगुआर कार, चोरी के कुछ सोने के आभूषण और 17.36 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। आगे की कार्रवाई में पुलिस ने मामले में संलिप्त सोना व्यवसायी समीर खान उर्फ कबीर खान को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित नगर थाना क्षेत्र के बिजय स्टोर गली में उसके ससुराल पर छापेमारी की। वहां से करीब 400 ग्राम सोने और मोती के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक की बरामदगी हो चुकी है। जांच अभी जारी है और पूरे गिरोह के नेटवर्क के साथ अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर खान उर्फ कबीर खान के रूप में हुई है। वह बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित शुक्ला रोड, रमना का रहने वाला है। इस कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली, हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक तथा अरगोड़ा, डेली मार्केट, नामकुम, लोअर बाजार, बरियातू और जगन्नाथपुर थाना सहित विभिन्न पुलिस इकाइयों की संयुक्त टीम शामिल रही।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *